भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता बोले, CAA पर विपक्ष कर रहा दुष्प्रचार Saharanpur News
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम चंद्र शुक्ला ने कहा की नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून है। विपक्ष इस मामले में दुष्प्रचार करने में लगा है।
सहारनपुर,जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम चंद्र शुक्ला ने कहा की नागरिकता संशोधन कानून नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून है। घुसपैठियों को देश से बाहर भेजना हमारा धर्म है। दिल्ली रोड स्थित भाजपा कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता शुक्ला ने कहा नागरिकता संशोधन कानून में किसी के साथ धार्मिक भेदभाव नहीं बरता गया है। विपक्षी दल भ्रामक दुष्प्रचार कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
घुसपैठियों को बाहर भेजा जाएगा
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में असम में एनआरसी गठित की गई थी। दो करोड़ अवैध बांग्लादेशियों में से 19 लाख की पहचान हुई है। बाकी लोग देश के अन्य हिस्सों में हैं। ऐसे घुसपैठियों को बाहर भेजा जाएगा। केरल विधानसभा में नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जो प्रस्ताव पारित किया गया है, उसका कोई संवैधानिक महत्व नहीं है। भाजपा का उद्देश्य नागरिकता संशोधन कानून के बारे में वस्तुस्थिति लोगों तक पहुंचाना है।