पुत्रों के उत्पीड़न से तंग वृद्धा ने दी पलायन व धर्म परिवर्तन की चेतावनी
गांव हसनपुर निवासी एक वृद्धा अपने ही पुत्रों के उत्पीड़न से तंग है। वृद्धा ने गांव से पलायन व धर्म परिवर्तन करने की चेतावनी दी है।
सहारनपुर जेएनएन। गांव हसनपुर निवासी एक वृद्धा अपने ही पुत्रों के उत्पीड़न से तंग है। वृद्धा ने गांव से पलायन व धर्म परिवर्तन करने की चेतावनी दी है।
सोमवार को गांव हसनपुर निवासी 77 वर्षीया विधवा नरमा देवी ने बताया कि उसके पांच पुत्र है। उसके पति तेलूराम सैनी की वर्ष 2015 में मौत हो जाने पर उसने अपनी संपत्ति का पांचों पुत्रों में बंटवारा कर दिया था। वह अपने छोटे पुत्र राजपाल के साथ रहने लगी। संपत्ति का बंटवारा करने के बावजूद उसके चार पुत्र उसके व उसके पुत्र राजपाल के साथ आए दिन गाली-गलौज व मारपीट करते हैं। जिसकी शिकायत उसने स्थानीय कोतवाली के साथ उच्चाधिकारियों से भी की। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई। परंतु उसके चारों पुत्रों के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। जिसके बाद उसने अपने पुत्र राजपाल व उसके परिवार के साथ गांव से पलायन कर धर्म परिवर्तन की चेतावनी दी है। महिला ने इस संबंधी चेतावनी के पर्चे अपने दरवाजे पर भी चस्पा किए है। उधर, इंस्पेक्टर सुशील सैनी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। जांच कराकर पीड़ित पक्ष की मदद की जाएगी।