वृद्धावस्था पेंशन की व्यवस्था में बड़ा बदलाव, अब दो बराबर किस्तों में लाभार्थियों के बैंक खातों पहुंचेगा पैसा
वृद्धावस्था पेंशन योजना के भुगतान नियमों में बदलाव किया गया है। अब तीन महीने की पेंशन राशि दो बराबर किस्तों ...और पढ़ें

HighLights
सहारनपुर में 1.19 लाख लाभार्थियों के खातों में पहुंचनी शुरू हुई पेंशन।
नई प्रणाली का उद्देश्य पेंशन भुगतान को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। वृद्धावस्था पेंशन योजना के लाभार्थियों के लिए शासन ने भुगतान की व्यवस्था में बदलाव किया है। अब तीन माह की पेंशन राशि एक साथ देने के बजाय दो बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit ansfer) के माध्यम से भेजी जाएगी। जिले में योजना के करीब 1.19 लाख लाभार्थी हैं और उनके खातों में नई व्यवस्था के तहत पेंशन की राशि पहुंचनी शुरू हो गई है। नई प्रणाली का उद्देश्य पेंशन भुगतान को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत लाभार्थियों को तीन माह के लिए कुल 3000 रुपये पेंशन दी जाती है, जिसे दो बराबर किस्तों में खाते में भेजा जाएगा। इससे लाभार्थियों को निर्धारित अंतराल पर पेंशन की राशि मिल सकेगी और भुगतान प्रक्रिया भी डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों से जुड़ी रहेगी। पेंशन में केंद्र और राज्य सरकार का अंश लाभार्थी की आयु के अनुसार निर्धारित किया गया है। 80 वर्ष से अधिक उम्र के लाभार्थियों को मिलने वाली 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन में केंद्र और राज्य सरकार का योगदान बराबर है।
दोनों सरकारें 1500-1500 रुपये का अंश देती हैं। वहीं, 80 वर्ष से कम उम्र के लाभार्थियों के लिए 3000 रुपये की त्रैमासिक पेंशन में राज्य सरकार का योगदान अधिक है। इसमें राज्य सरकार की ओर से 2400 रुपये, जबकि केंद्र सरकार की ओर से 600 रुपये का अंश शामिल है।
नई व्यवस्था में पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। इससे पेंशन वितरण में किसी तरह की अनियमितता या बिचौलियों की भूमिका की संभावना कम होगी। साथ ही लाभार्थियों को पेंशन प्राप्त करने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी।
खाते में राशि आने का इंतजार खत्म
जिले में बड़ी संख्या में बुजुर्ग पेंशन पर निर्भर हैं। ऐसे में नई किस्त प्रणाली के लागू होने के बाद लाभार्थियों को नियमित रूप से खाते में राशि आने की सुविधा मिलेगी। विभागीय स्तर पर भुगतान प्रक्रिया शुरू होने के बाद लाभार्थियों के खातों में राशि पहुंचने लगी है। जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना का कहना है कि पात्र लाभार्थियों को शासन की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
