सहारनपुर वालों के लिए अच्छी खबर, देवबंद स्टेशन पर रुकेगी नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन
Saharanpur News: देवबंद-रुड़की रेल मार्ग पर चलने वाली नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन को अब देवबंद स्टेशन पर ठहराव मिल गया ...और पढ़ें

HighLights
एक हजार करोड़ की लागत से तैयार हुआ है यह नया रेलमार्ग।
देवबंद-रुड़की रेलमार्ग पर चल रही यह एक मात्र ट्रेन।
संवाद सहयोगी जागरण, देवबंद (सहारनपुर)। एक हजार करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए देवबंद-रुडक़ी रेल मार्ग से बिना रुके गुजर रही एक मात्र नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन को अब देवबंद में स्टापेज मिल गया है। यह ट्रेन गुरुवार से यहां पर रुकना शुरू हो जाएगी। रेलवे विभाग द्वार अप व डाउन ट्रेन का टाइम शेड्यूल जारी कर दिया गया है। क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह की सिफारिश पर रेलवे ने इस ट्रेन का देवबंद में स्टॉप दिया है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को जोड़ने वाले बेहद महत्वपूर्ण इस रेल मार्ग को बनकर तैयार हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। लेकिन अब तक इस नए रेलखंड पर बाकायदा यात्री ट्रेने दौड़ना शुरू नहीं हुई है।
हालांकि 11 दिसंबर 2025 से इस मार्ग से नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 12401 व 12402 कोटा-देहरादून व देहरादून-कोटा जरूर गुजर रही है। लेकिन इस ट्रेन का भी देवबंद में स्टापेज नहीं था। जिसके चलते क्षेत्रवासियों के लिए यह नई रेल लाइन शोपीस और नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन होना न होना भी बराबर था।
नगरवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय विधायक एवं राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर देवबंद में नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का स्टापेज दिए जाने की मांग की थी। रेल मंत्री ने जल्द ही इस ट्रेन का देवबंद में स्टापेज देने का आश्वासन दिया था। मंगलवार को रेलवे विभाग द्वारा नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का देवबंद में स्टापेज के लिए टाइम शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
कोटा से देहरादून जाने वाली 12401 अप ट्रेन रात्रि में 1:45 बजे देवबंद में रुकेगी और 1:47 बजे यहां से रवाना हो जाएगा जबकि देहरादून से कोटा जाने वाली 12402 डाउन ट्रेन देवबंद में रात्रि में ही 2:25 बजे रुकेगी और 2:27 बजे रवाना हो जाएगी। नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए रेलवे विभाग से इस रूट पर अन्य यात्री ट्रेनें जल्द से जल्द चलाने और यहां पर स्टॉपेज देने की मांग की है।
दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले लोगों को राहत
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाई गई यह नई रेल लाइन दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले लोगों का समय और पैसा दोनों बचाएगी। धार्मिक नगरी देवबंद से देवभूमि उत्तराखंड के रुड़की को सीधे जोड़ने वाला 29 किमी लंबा देवबंद-रुड़की रेल मार्ग बनकर तैयार हुए एक वर्ष से अधिक समय बीत चुका है।
गत 29 मार्च 2025 को कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (नार्दन रेलवे) दिनेश चंद देशवाल ने उक्त रेलमार्ग का निरीक्षण किया था और इसे हरी झंडी दे दी थी। मुरादाबाद डिवीजन से हरी झंडी मिलने के बाद अगस्त 2025 में उक्त मार्ग पर मालगाड़ी का संचालन शुरू कर दिया गया था।
इन्होंने कहा
नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन का देवबंद में स्टॉपेज के लिए रेलवे विभाग द्वारा टाइल शेड्यूल जारी कर दिया गया है, गुरुवार से इस ट्रेन का देवबंद में स्टापेज बाकायदा शुरू हो जाएगा।
-अनिल कुमार, स्टेशन अधीक्षक देवबंद।
