विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिग्री पूरी करने का मौका! MSU ने जारी किया स्पेशल बैक परीक्षा शेड्यूल; प्रवेश की अंतिम तिथि भी बढ़ी

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 01 Aug 2026 05:16 PM (GMT+05:30)

Maa Shakumbhari University: मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने विभिन्न पाठ्यक्रमों की स्पेशल बैक पेपर परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है, ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. समर्थ पोर्टल से पंजीकरण का डाटा नहीं मिलने पर विश्वविद्यालय ने बढ़ाया पंजीकरण का समय

  2. पंजीकरण की अंतिम तिथि अब 11 अगस्त तक बढ़ी, स्पेशल बैक परीक्षा 22 से 25 अगस्त तक।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय ने बीए, बीकाम, बीएससी, बीसीए, बीबीए, एलएलबी तथा बीएससी कृषि आनर्स पाठ्यक्रमों के पंचम व षष्टम् सेमेस्टर और बीए एलएलबी व बीकाम एलएलबी के नवम् व दशम् सेमेस्टर की स्पेशल बैक पेपर का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक डा. राजीव कुमार ने बताया कि स्पेशल बैक परीक्षा 22 अगस्त से शुरू होगी तथा 25 अगस्त तक चलेगी।

परीक्षा नियंत्रक डा. राजीव कुमार ने बताया कि स्पेशल बैक परीक्षा दो पालियों में होगी। पंचम व नवम् सेमेस्टर के पेपर पहली पाली में सुबह नौ बजे से होंगे, जबकि षष्टम् व दशम् सेमेस्टर के पेपर दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से होंगे। विस्तृत उत्तरीय प्रश्न पत्रों की समय अवधि तीन घंटे तथा बहुविकल्पीय ओएमआर आधारित प्रश्नपत्रों की समय अवधि दो घंटे रहेगी।

बता दें कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में सत्र 2025-26 में अंतिम वर्ष की परीक्षा में अनुत्तीर्ण होने के चलते डिग्री पूरी करने से चूके छात्र-छात्राएं अब स्पेशल बैक परीक्षा दे सकेंगे। स्पेशल बैक परीक्षा के लिए तीन अगस्त से 14 अगस्त तक आनलाइन परीक्षा फार्म भरकर शुल्क जमा किया जा सकेगा। इसके बाद 18 अगस्त तक परीक्षार्थियों को परीक्षा फार्म का सत्यापन कराने को कालेज में जमा कराना होगा।

प्रवेश की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के सुचारू रूप से काम न करने के चलते अटकी

मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के सुचारू रूप से काम न करने के चलते अटक गई है। समर्थ पोर्टल से पंजीकरण का डाटा नहीं मिलने के चलते प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित होने के चलते विश्वविद्यालय ने पंजीकरण की समयसीमा बढ़ा दी है। अब एलएलबी सहित स्नातक और परास्नातक स्तर पर संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में 11 अगस्त तक पंजीकरण किए जा सकेंगे।

प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि समर्थ की टीम से डाटा न मिलने से प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। शनिवार को भी समर्थ टीम के साथ समस्या के समाधान को लेकर बातचीत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल पाया। ऐसे में विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं के लिए पंजीकरण पोर्टल को 11 अगस्त तक के लिए खोल दिया है।

बता दें कि पिछले कई दिनों से समर्थ पोर्टल से पंजीकरण का डाटा नहीं मिल पाया है। इसके चलते आफर लेटर तैयार नहीं हो पाए और पिछले 10 दिन से छात्र-छात्राओं के दाखिले नहीं हो पा रहे हैं। प्रवेश समन्वयक ने बताया कि अब छात्र-छात्राएं कांवड़ यात्रा के बाद ही आफर लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया 15 अगस्त के बाद ही पूरी हो पाएगी।