विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

VIDEO: MP चंद्रशेखर का सनसनीखेज दावा, बोले- 'फाॅर्म हाउस में रची गई मेरी हत्या की साजिश... मौत से डर नहीं लगता'

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 16 Sep 2026 04:52 PM (IST)

MP Chandrashekhar: सांसद चंद्रशेखर ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है और सरकार से बाराबंकी हिंसा व इस साजिश की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

HighLights

  1. सांसद चंद्रशेखर आजाद ने अपनी हत्या की साजिश का आरोप लगाया।

  2. उन्होंने सरकार से बाराबंकी हिंसा और साजिश की जांच की मांग की।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष और नगीना सीट से सांसद चंद्रशेखर ने अपनी हत्या की साजिश रचे जाने का आरोप लगाया है। सांसद ने मंगलवार देर रात वीडियो जारी कर सरकार से बाराबंकी हिंसा और उनकी हत्या की साजिश के मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

मंगलवार देर रात आसपा अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया। वीडियो में सांसद चंद्रशेखर कहते दिखाई दे रहे हैं कि एक फार्म हाउस में मेरी हत्या करने का षड्यंत्र रचा गया है। मैं यह बात बहुत जिम्मेदारी से कह रहा हूं। मेरे पास जो सूचनाएं और स्रोत हैं, वे गलत नहीं हैं।

वीडियो के जरिये सांसद चंद्रशेखर ने सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही हत्या की साजिश से लेकर बाराबंकी हिंसा में शामिल लोगों की भूमिका सामने लाई जाए। वीडियो में नगीना सांसद कहते दिख रहे हैं कि मैं अपने विरोधियों से भी कहना चाहता हूं, मौत तो एक दिन आनी है, मौत से डरकर जिया नहीं जा सकता।

उन्होंने कहा कि अगर मेरी मौत आपके हाथों लिखी होगी तो वह भी हो जाएगी, लेकिन अगर आप अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हुए और मेरे लोगों ने मुझे ताकत, हिम्मत और मेरा साथ दे दिया तो आप जैसे गुंडों को उत्तर प्रदेश से पलायन करना पड़ेगा।

सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि सवाल सिर्फ मेरी सुरक्षा का नहीं है। जब सुरक्षा प्राप्त जनप्रतिनिधि और सांसद के साथ दिनदहाड़े पत्थरबाजी की जाए, पेट्रोल-डीजल जैसी ज्वलनशील चीजों से भरी बोतलों के जरिये गाड़ी में आग लगाने का प्रयास किया जाए और आरोपित इतने बेखौफ हों तो प्रदेश में दलितों, पिछड़ों और मुसलमानों की सुरक्षा और न्याय की स्थिति क्या होगी?।