बंदर ने हमला कर बच्चे को घायल किया
सागर कुमार घर के आंगन में खेल रहा था कि अचानक बंदर ने बच्चे पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चे की रोने की आवाज सुनकर घर की महिलाओं ने शोर मचा दिया।
सहारनपुर जेएनएन। नगर के निकटवर्ती ग्राम याकूबपुर माजरा में बंदर ने हमला कर बच्चे को घायल कर दिया। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदर पकड़ने की मांग की है। रविवार दोपहर को 2 वर्षीय देव कुमार पुत्र सागर कुमार घर के आंगन में खेल रहा था कि अचानक बंदर ने बच्चे पर हमला कर घायल कर दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर घर की महिलाओं ने शोर मचा दिया। ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर लाठी- डंडों से उत्पाती बंदर को भगाया। घायल बच्चे के चाचा सुनील कुमार ने यूपी 100 पर कॉल करके पुलिस को बुलाया लेकिन बंदर के उत्पात के सामने पुलिस मूक दर्शक बनी रही। ग्रामीण साक्षी, सरोज, सुनील, मास्टर राशिद, इस्तेखार, बगली, आकाश, इसरार, सीता व पप्पन आदि ने बताया पिछले कुछ दिनों से गांव में एक बंदर घूम रहा है, जो किसी को भी अपना निशाना बनाकर हमला कर देता है। घर की महिलाएं एवं गृहणियां अपने छोटे बच्चों को अकेले खेलने भी नहीं दे रही। बंदर के हमले से ग्रामीण दहशत में हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदर को पकड़ने की मांग की है।