विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय: UG-PG में आज ही लें प्रवेश, अब नहीं बढ़ेगी तारीख

By Manish Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 31 Aug 2026 06:45 AM (IST)

मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश का आज अंतिम दिन है, जिसके बाद समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पहले आओ पहले पाओ के आधार पर हो रहे प्रवेश।

  2. विश्वविद्यालय की 1.12 लाख सीटों पर 45 हजार दाखिले हुए।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक और परास्नातक स्तर पर संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में पहले आओ पहले पाओ के आधार पर प्रवेश किए जा रहे हैं।

आज प्रवेश प्रक्रिया का अंतिम दिन है। इसके बाद अब समयसीमा नहीं बढ़ेगी। विश्वविद्यालय और कालेजों में एक लाख 12 हजार सीटों के सापेक्ष अभी 45 हजार छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश लिया है।

प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में 10 राजकीय महाविद्यालय, 11 एडेड महाविद्यालय समेत 217 कालेज संबद्ध हैं।

इनमें स्नातक और परास्नातक स्तर पर संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की कुल एक लाख 12 हजार सीटों में से अभी तक 45,362 पर दाखिले हुए हैं। एडेड और राजकीय महाविद्यालयों में ज्यादातर पाठ्यक्रमों में सीटें फुल हो चुकी हैं।

हालांकि निजी कालेजों में बड़ी संख्या में सीटें खाली पड़ी हैं। विश्वविद्यालय परिसर में स्नातक स्तर पर संचालित दो पाठ्यक्रमों बीबीए व बीकाम में 60-60 सीटें हैं, जबकि परास्नातक स्तर पर संचालित 28 पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें हैं।

इनमें से 510 सीटों पर छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है। परिसर में एमएसी केमिस्ट्री और एमएससी जूलाजी में सभी सीटें भर चुकी हैं। प्रवेश समन्वयक ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश की स्थिति में हर साल सुधार हो रहा है।

इस वर्ष पिछले साल से अधिक प्रवेश होना तय है। 31 अगस्त को अंतिम दिन में भी दो हजार से ज्यादा प्रवेश होने की उम्मीद है। इसके बाद प्रवेश की तिथि नहीं बढ़ाई जाएगी।