मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय: UG में प्रवेश को ऑफर लेटर जमा करने को कालेजों में उमड़े छात्र-छात्राएं, अब मेरिट लिस्ट का इंतजार
Maa Shakumbhari University: मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जहां छात्र-छात्राओं ने ऑफर लेटर जमा ...और पढ़ें

HighLights
स्नातक प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में, ऑफर लेटर जमा।
कॉलेज 17-18 अगस्त को ओपन मेरिट से देंगे प्रवेश।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। विश्वविद्यालय परिसर और संबद्ध कालेजों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑफर लेटर जमा करने को छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि कालेज अपने यहां खाली सीटों और इसके सापेक्ष जमा हुए लेटर की संख्या के अनुसार साेमवार को ओपन मेरिट तैयार करेंगे। इसके आधार पर छात्र-छात्राएं 17 व 18 अगस्त को प्रवेश करा सकेंगे।
प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में 10 राजकीय, 11 एडेड महाविद्यालयों समेत कुल 217 कालेज संबद्ध हैं। इनमें विभिन्न पाठ्यक्रमों में कुल एक लाख 12 हजार से ज्यादा सीटें हैं।
अभी तक स्नातक के विभिन्न पाठ्यक्रमों में मात्र 19,644 सीटों पर प्रवेश हुए हैं। समर्थ पोर्टल में खराबी के चलते करीब 20 दिन तक प्रवेश की प्रक्रिया अटकी रही। इस बीच विश्वविद्यालय ने छात्र-छात्राओं के लिए पंजीकरण पोर्टल को 11 अगस्त तक के लिए खोल दिया था।
स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए निर्धारित समयसीमा में 68,754 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया। गुरुवार से लेकर शुक्रवार शाम चार बजे तक छात्र-छात्राओं ने अपने पसंदीदा कालेजों में ऑफर लेटर जमा करा दिए।
शुक्रवार को आफर लेटर जमा करने का अंतिम दिन होने के चलते प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। प्रवेश समन्वयक ने बताया कि सभी कालेज अब विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए जमा हुए ऑफर लेटर और अपने यहां खाली सीटों के हिसाब से ओपन मेरिट तैयार करेंगे।
छात्र-छात्राएं ओपन मेरिट के सापेक्ष 17 और 18 अगस्त को प्रवेश ले सकेंगे। प्रवेश समन्वयक ने बताया कि कालेजों को 18 अगस्त को ही समर्थ पोर्टल पर प्रवेश की पुष्टि करनी होगी।
