विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Maa Shakumbhari University Admissions: यूजी-पीजी में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी, अब डाउनलोड होंगे ऑफर लेटर

By Vishva Pratap Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 14 Sep 2026 06:23 PM (IST)

Maa Shakumbhari University Admissions: मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय और संबद्ध कॉलेजों में स्नातक व परास्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो गई है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पंजीकरण प्रक्रिया संपन्न, मंगलवार को ऑफर लेटर डाउनलोड होंगे।

  2. बुधवार और गुरुवार को विश्वविद्यालय व कॉलेजों में प्रवेश।

जागरण संवाददाता, सहारनपुर। मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर संचालित पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई।

पंजीकृत छात्र-छात्राएं मंगलवार को आफर लेटर डाउनलोड कर अपनी पसंद के कालेज में जमा करा सकेंगे। इसके बाद बुधवार और गुरुवार को विश्वविद्यालय परिसर और कालेजों में प्रवेश करा सकेंगे।

विश्वविद्यालय के प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजय कुमार ने बताया कि मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय परिसर में स्नातक स्तर पर संचालित बीबीए और बीकाम में 60-60 सीटें हैं, जबकि परास्नातक स्तर पर संचालित 28 पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें हैं। विश्वविद्यालय परिसर में कुल 960 सीटों के सापेक्ष विभिन्न पाठ्यक्रमों में अभी 510 छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश कराया है।

परिसर में एमएसी केमिस्ट्री और एमएससी जूलाजी में सीटें फुल हो चुकी हैं, जबकि अन्य पाठ्यक्रमों में 40 से 50 प्रतिशत तक सीटें बची हुई हैं। इसके अलावा मां शाकुंभरी विश्वविद्यालय से सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जनपदों में 10 राजकीय महाविद्यालय, 11 एडेड महाविद्यालय तथा 196 निजी कालेज संबद्ध हैं।

प्रवेश समन्वयक ने बताया कि इन कालेजों में स्नातक और परास्नातक स्तर पर संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में एक लाख 12 हजार से ज्यादा सीटें हैं। इसके सापेक्ष अबतक 46,203 दाखिले हो चुके हैं। एडेड और राजकीय महाविद्यालयों में ज्यादातर पाठ्यक्रमों में एससी और ओबीसी के लिए आरक्षित सीटों के साथ ही अनारक्षित सीटें फुल हो चुकी हैं, लेकिन ईडब्ल्यूएस कैटेगरी की सीटें काफी संख्या में रिक्त पड़ी हुई हैं। निजी कालेजों में 50 से ज्यादा सीटें खाली पड़ी हैं।

अकेले जेवी जैन कालेज में विभिन्न पाठ्यक्रमों में ईडब्ल्यूएस की 196 सीटें रिक्त हैं। इनमें सर्वाधिक सीटें बीए में हैं। बीए में ईडल्ब्यूएस कैटेगरी की 67 सीटें रिक्त हैं जबकि एक सामान्य सीट रिक्त है। वहीं बीकाम में 18 और बीएससी गणित में ईडब्ल्यूएस कैटगरी की 24 सीटें खाली हैं।

प्राचार्य प्रोफेसर वकुल बंसल ने बताया कि कालेज में ज्यादातर पाठ्यक्रमों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं की सीटें अभी खाली चल रही हैं। ईडब्ल्यूएस वर्ग के छात्र-छात्राएं बुधवार और गुरुवार को कालेज में दाखिला करा सकते हैं। अन्य कैटेगरी में भी रिक्त सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे।

प्रवेश समन्वयक ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए मंगलवार को आफर लेटर जारी किए जाएंगे। इसके आधार पर 16 व 17 सितंबर को छात्र-छात्राएं विभिन्न पाठ्यक्रमाें में दाखिला ले सकेंगे। इसके बाद समयसीमा नहीं बढ़ाई जाएगी। उन्होंने बताया कि कालेजों में कक्षाएं संचालित हो रही हैं। ऐसे में अब प्रवेशित होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए स्पेशल कक्षाएं संचालित कराई जाएंगी ताकि पूर्व निर्धारित समय पर ही परीक्षा कराई जा सकें।