सड़क किनारे लगे कूड़े ढेर, लोग परेशान
स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश में विशेष दर्जा हासिल करने वाले नगर निगम की कोरोना काल में सफाई व्यवस्था चरमराती जा रही है। हालात यह है कि बीमारी के इस काल में सड़कों के किनारे गंदगी व कूढ़े के ढेर लगे हैं तथा लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
सहारनपुर, जेएनएन। स्वच्छता सर्वेक्षण में प्रदेश में विशेष दर्जा हासिल करने वाले नगर निगम की कोरोना काल में सफाई व्यवस्था चरमराती जा रही है। हालात यह है कि बीमारी के इस काल में सड़कों के किनारे गंदगी व कूढ़े के ढेर लगे हैं तथा लोगों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
यह स्थिति है पुराना कलसिया मार्ग स्थित जेवी जैन इंटर कालेज के सामने मुख्य व आसपास के की। यहां सड़कों के दोनों ओर कूड़े व गंदगी के अंबार लगे हैं, जिसमें आवारा पशु हमेशा मुंह मारते नजर आते हैं। यही नहीं गंदे पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा नालियां सिल्ट से अटी रहने के कारण लोगों को अक्सर सड़कों पर होने वाले जल भराव का सामना करना पड़ रहा है। यह स्थिति तब है जबकि नगर निगम द्वारा सफाई व कीटनाशक के छिड़काव के निरंतर दावे किए जाते रहे हैं। गंदगी से परेशान लोग कोरोना के साथ-साथ मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका से भयभीत हैं।
पंचायत चुनाव की इसी क्षेत्र में होनी है काउंटिग
हाल में ही संपन्न हुए जिला पंचायत चुनाव की मतपेटियां यहां स्थित जैन कालेज में रखी हैं तथा यहीं निर्धारित समय पर काउंटिग होगी। इसके बावजूद कालेज के सामने व आसपास के मुख्य मार्ग की सफाई की दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है।
क्या कहते हैं लोग
क्षेत्र के मोहन लाल का कहना है कि यहां सफाई कर्मचारी तो अकसर आते हैं, लेकिन खानापूरी करके लौट जाते हैं। मुख्य मार्ग पर झाड़ू आदि मारकर कूड़ा सड़कों के किनारे जमा कर दिया जाता है, जिससे क्षेत्र में गंदगी व बीमारियां बढ़ रही हैं। सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि यहां कूड़ा उठान तभी होता है जब ऊंचे ढेर लग जाते हैं। इस बारे में कई बार निगम अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का निराकरण नहीं किया गया। रघुबीर ने बताया कि सड़क के दोनों ओर गंदगी व कूड़ा पड़ा रहने के कारण आवागमन मुश्किल हो रहा है निगम अधिकारी क्षेत्र की लगातार उपेक्षा कर रहे हैं। सतबीर ने कहा कि यहां गंदे पानी की निकासी तक की समुचित व्यवस्था नहीं है जो है। मामूली बरसात में यहां जलभराव हो जाता है।
इनका कहना है..
तमाम क्षेत्रों में सफाई व कूड़ा उठान सुचारू रूप से कराया जा रहा है। इस मामले की जानकारी नहीं है। समस्या का समाधान जल्द कराया जाएगा तथा लापरवाह कर्मचारियों की जांच करा कार्रवाई की जाएगी।
-ज्ञानेन्द्र सिंह, नगर आयुक्त सहारनपुर।