190 किमी की दूरी में पांच टोल पर पूर्व मुख्यमंत्री ने उठाए सवाल, कहा-टोल ज्यादा हाेने से पड़ रहा आमजन पर आर्थिक भार
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर 190 किलोमीटर की दूरी में पांच टोल प्लाजा होने ...और पढ़ें

छुटमलपुर में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का स्वागत करते कांग्रेसजन। सौ. कार्यकर्ता
HighLights
हरीश रावत ने देहरादून कॉरिडोर पर टोल प्लाजा पर सवाल उठाए।
190 किलोमीटर की दूरी में पांच टोल प्लाजा पर आपत्ति जताई।
टोल की संख्या घटाकर अधिकतम तीन करने की मांग भी की।
संवाद सूत्र, जागरण. छुटमलपुर (सहारनपुर)। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने दिल्ली-देहरादून इकोनामिक कारिडोर पर लगभग 190 किलोमीटर की दूरी में पांच टोल प्लाजा बनाए जाने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने केंद्र सरकार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) से टोल की संख्या अधिकतम तीन करने और आम जनता पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम करने की मांग की।
शुक्रवार को देहरादून से दिल्ली जाते समय हरीश रावत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के राष्ट्रीय महासचिव मुजतबा एडवोकेट के छुटमलपुर स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दिल्ली और देहरादून को एक्सप्रेसवे से जोड़ना अच्छी पहल है, लेकिन कम दूरी में पांच टोल प्लाजा होने से आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है। एनएचएआइ द्वारा टोल से टोल के बीच की दूरी अधिकतम 60 किलोमीटर होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार दो-तीन साल में ही निर्माण लागत वसूल करना चाहती है।
टोल की अधिकता के कारण कई लोग एक्सप्रेसवे का उपयोग करने के बजाय पुराने मार्गों से सफर करना पसंद कर रहे हैं। केंद्र सरकार और एनएचएआइ को इस मामले में जल्द संज्ञान लेकर राहत देनी चाहिए। हरीश रावत ने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि रैली के माध्यम से जनता के मताधिकार की रक्षा का संदेश दिया जाएगा और भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्ष अपनी आवाज बुलंद करेगा। इस दौरान अब्दुल हसीब, मनोज चौधरी, नासिर प्रधान,नौशाद अली,कुद्दुस मलिक,यूसुफ,अरविंद कंबोज,रामबीर सिंह,पदम सिंह, धर्मेंद्र चौधरी और प्रवीण चौधरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
