खेलकूद प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागी पुरस्कृत
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता में विजयी छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। रेलवे कालोनी स्थित स्कूल में हुई प्रतियोगिता में छात्राओं ने 100 व 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, खो-खो, कबड्डी, रस्साकशी, बैडमिटन, वालीबॉल आदि में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाली छात्राओं को पार्षद चंद्रजीत सिंह निक्कू, संजय शर्मा व धर्मेंश कुमार ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आयोजन में वार्डन गुलशन मीरा, खेल शिक्षिका मंजू श्रीवास्तव व स्टाफ का सहयोग रहा।
भरतवीर राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में चयनित
सहारनपुर: गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के तत्वावधान में हुई 23 वर्ष से कम आयु वर्ग की द्वितीय उत्तर प्रदेश राज्य कुश्ती प्रतियोगिता में भरतवीर का राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता हेतु चयन हुआ। गाजियाबाद के गांव डगरपुर सिरौली में 19-21 सितंबर तक प्रतियोगिता हुई थी। सहारनपुर के भरतवीर ने टीम प्रशिक्षक आदेश कुमार के नेतृत्व में कुश्ती के ग्रीको रोमन इवेंट के 82 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता। महिला वर्ग में टीम प्रशिक्षक प्रदीप कुमार के निर्देशन में नीता ने 53 किग्रा भार वर्ग में तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। सहारनपुर जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष डा.अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि भरतवीर के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु प्रदेशीय टीम में किया गया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता 26-29 सितंबर तक महाराष्ट्र के अहमदनगर में होगी।