जहां किया पौधारोपण, वहीं पर लगा दिये कूड़े के ढेर
सूबाई सरकार सहारनपुर महानगर को स्मार्ट बनाने की कोशिशों में लगी है कंपनियां प्रजेंटेशन दे रही हैं उधर नगर निगम का कूड़ा उठान सिस्टम पुराने ढर्रे पर चल रहा है। कूड़ाघरों से कूडे़ के उठान की धीमी गति ने लोगों की परेशानी बढ़ाई हुई है। कूड़े का पूरा उठान न होने के कारण बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ा हुआ है। हद तो यह कि एक माह पूर्व चिलकाना रोड पर जिस स्थल पर पौधारोपण किया गया था वहां फिर से कूड़े का अंबार लग गया है। वहीं निगम का दावा है कि कूड़ा उठान के काम में तेजी लाई गई है और जल्द समस्या दूर कर ली जायेगी।
सहारनपुर जेएनएन। सूबाई सरकार सहारनपुर महानगर को स्मार्ट बनाने की कोशिशों में लगी है, कंपनियां प्रजेंटेशन दे रही हैं, उधर नगर निगम का कूड़ा उठान सिस्टम पुराने ढर्रे पर चल रहा है। कूड़ाघरों से कूडे़ के उठान की धीमी गति ने लोगों की परेशानी बढ़ाई हुई है। कूड़े का पूरा उठान न होने के कारण बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ा हुआ है। हद तो यह कि एक माह पूर्व चिलकाना रोड पर जिस स्थल पर पौधारोपण किया गया था, वहां फिर से कूड़े का अंबार लग गया है। वहीं निगम का दावा है कि कूड़ा उठान के काम में तेजी लाई गई है, और जल्द समस्या दूर कर ली जायेगी।
इन दिनों महानगर में जगह-जगह कूड़ाघरों से कूड़े का उठान न होने के कारण राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रतापनगर में बने कूड़ाघर से कूड़े का उठान न होने से क्षेत्र के लोग दुर्गंध के कारण परेशान हैं। क्षेत्र के जागरूक लोगों द्वारा लॉकडाउन के दौरान भी समस्या को उठाया गया था, उस समय निगम ने कार्यवाही करते हुए यहां कूड़ा उठान का समय निर्धारित कर दिया था लेकिन पिछले कई दिन कूड़ा उठान की समस्या पूरी तरह चरमरा गई है। चिलकाना रोड पर रामजीवन नगर के बाहर से कूड़े का उठान न होने के कारण राहगीर परेशान हैं। यहां एक माह पहले एक सत्ताधारी नेता के नेतृत्व में क्षेत्रीय लोगों द्वारा कूड़ाघर को हटवाते हुए पौधारोपण कराया गया था। लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र को कूड़े के ढेरों से उठती दुर्गंध से निजात मिल जायेगी। एक माह के भीतर ही ये उम्मीदें भी दम तोड़ गई। इसके अलावा बेहट बस स्टैंड के निकट कूड़ाघर और दिल्ली रोड से कूड़े का उठान न होने के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर बने कूड़ाघर से कूड़े का उठान नियमित रूप से न होने के कारण अब लोग इस कूड़े को स्मार्ट सिटी की देन तक कहने लगे है।
इनका कहना है-
वर्षा के चलते पिछले कुछ दिनों से कूड़ा उठान में अवरोध पैदा हो रहा था। कूड़ा डंपिग स्थल के मार्ग पर जलभराव के कारण परेशानी हो रही थी लेकिन अब पिछले दो दिन से कूड़ा उठान में तेजी लाई गई है। समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराया जा रहा है।
ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त नगर निगम।