शाकंभरी देवी तक फोरलेन होगा राजमार्ग : गडकरी
सहारनपुर: केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया कि देशभर में 10 लाख
सहारनपुर: केन्द्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया कि देशभर में 10 लाख करोड़ की सड़क व परिवहन की परियोजनाएं शुरू कराई हैं। सांसद की मांग पर उन्होंने सिद्धपीठ शाकंभरी देवी तक राजमार्ग को फोरलेन बनवाने की घोषणा कर कार्यक्रम में उमड़े लोगों का दिल जीत लिया।
मंगलवार को दिल्ली रोड स्थित साउथ सिटी के खचाखच भरे मैदान में शामली-सहारनपुर हाईवे के शिलान्यास के मौके पर केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि उनका मंत्रालय द्रोपदी की थाली के समान है। पैसे की कोई कमी नही है जितना मांगोगे पूरा दूंगा। जो कहता हूं वह करके दिखाता हूं। कहा कि दिल्ली-सहारनपुर मार्ग सहारनपुर के विकास का ग्रोथ इंजन बनेगा। हाईवे के निर्माण के लिए उनके पास सांसद राघव लखनपाल शर्मा व डा.सत्यपाल दोनों आते थे। काम न होने पर वे कभी-कभी नाराज भी होते थे। यूपी में परिवर्तन आने के बाद केवल 15 दिन में एनओसी दी। उन्होंने सांसद राघव लखनपाल शर्मा की शाकंभरी देवी तक मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग को पूरा करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की घोषणा की। मुजफ्फरनगर के गन्ना मंत्री सुरेश राणा व सांसद डा.संजीव बालियान की मांग पर जिले में कई राजमार्गों का निर्माण शुरू कराया। गंगा की शुद्धि के लिए 25 हजार करोड़ से काम शुरूकराए।
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि ¨हडन रीवर को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए यदि यूपी सरकार भूमि और अनुमति दे तो तीन माह में काम शुरु करा देंगे। तेजी से बदल रहे देश में रोजगार का निर्माण हो रहा है। इलाहाबाद से वाराणसी तक जल मार्ग शुरू कराया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर इशारा करते हुए गडकरी ने कहा कि सड़क और पानी में चलने वाली बस खरीदिए केवल एक करोड़ की आती है फिर उसी बस से लखनऊ से वाराणसी जाइए। उन्होंने कहा कि यूपी में 24 घंटे बिजली से अब अंधेरा छंटा है। किसान परंपरागत फसलों के साथ-साथ बिजली तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं, जिससे नौजवानों को रोजगार मिलेगा और देश की तस्वीर बदलेगी। यूपी देश का सबसे समृद्ध राज्य बनने जा रहा है। भारत सरकार की ओर से पूरा सहयोग दिया जायेगा। इसके अलावा उन्होंने मुंबई-पूना, दिल्ली-मुंबई, बड़ौदा-मुंबई हाईवे की परियोजाओं का उल्लेख करते हुए अनेक विकास कार्य गिनवाए।
15 लाख करोड़ के काम की इच्छा
केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंत्रालय के लिए धन जुटाने के तरीके को सबके सामने उजागर किया। बतया कि स्टाक एक्सचेंज जाकर 1600 करोड़ के बांड इश्यू जारी किए। केवल 30 मिनट में ही 1.26 लाख हजार करोड़ की राशि प्राप्त हुई। वह दस लाख करोड़ के काम करा चुके है। 15 लाख करोड़ के काम कराना चाहते है। विकास को विजय के साथ पूरा करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है।