छह साल पहले चोरी हुए असलाह संग चार गिरफ्तार, भाजपा नेता का किया था मर्डर Saharanpur News
छह साल पहले चोरी हुए लाइसेंसी असलाह के साथ पुलिस टीम ने जीजा-साला सहित चार को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। हथियार का इस्तेमाल भाजपा नेता के मर्डर में किया था।
सहारनपुर, जेएनएन। छह साल पहले थाना देवबंद क्षेत्र के गांव मिरगपुर से चोरी हुए लाइसेंसी असलाह के साथ पुलिस टीम ने जीजा-साला सहित चार को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लाइसेंसी राइफल लाइसेंसी पिस्टल व अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
इन्हें किया गया गिरफ्तार
इंस्पेक्टर यगदत्त शर्मा ने बताया कि स्वाट टीम के साथ मिलकर मिरगपुर से अविनाश जो कि थाना सदर बाजार क्षेत्र के वेद विहार का रहने वाला है, को गिरफ्तार किया। इसके साथ इसके साले कर्मवीर जो कि, थाना तीतरों के गांव महंगी का रहने वाला है। इनके साथ ही गुरुसमर और रविंद्र को भी पकड़ लिया।
भाजपा नेता को मारा था
चारों के कब्जे से फैक्ट्री मेड लाइसेंसी राइफल, लाइसेंसी पिस्टल, दो देसी तमंचे तथा 35 कारतूस बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद हुआ असलाह मिरगपुर निवासी सुशील कुमार का है, जो 2012 में उनके घर से रविंद्र ने चोरी किया था। इन्हीं में से एक असला डबल बैरल बंदूक जो कि पिछले माह बरामद हो गई थी, उसी बंदूक से रविंद्र के बेटे ने आठ अक्टूबर को भाजपा नेता चौधरी यशपाल सिंह की हत्या कर दी थी।