मांगों को लेकर किसानों का फतेहपुर बिजलीघर पर प्रदर्शन
भाकियू तोमर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने विद्युत संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत उपगृह फतेहपुर पर प्रदर्शन कर धरना दिया। अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया तब जाकर धरना समाप्त किया गया।
सहारनपुर जेएनएन। भाकियू तोमर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने विद्युत संबंधी विभिन्न मांगों को लेकर विद्युत उपगृह फतेहपुर पर प्रदर्शन कर धरना दिया। अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, तब जाकर धरना समाप्त किया गया।
बुधवार को भाकियू तोमर के प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी सुदेशपाल सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों किसान बिजली घर फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने विद्युत विभाग के विरुद्ध नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद वे वहीं दरी डालकर धरने पर बैठ गए। चौधरी सुदेशपाल ने कहा कि जेई बिजली घर से अक्सर नदारद रहते हैं। किसान समस्या लेकर पहुंचते हैं, लेकिन सुनवाई नहीं होती। एक-एक किसान के नाम दो-दो बिल भेजे जा रहे हैं, जिन्हें ठीक कराने के नाम पर वसूली की जाती है।
प्रदेश प्रभारी राव मोहसीन ने कहा कि चाइनीज मीटर में यूनिट ज्यादा आ रही है। इन्हें तत्काल बदला जाए। बेहट तहसील प्रभारी सुशील उपाध्याय ने कहा कि बिजली घर पर तैनात जेई उपभोक्ताओं का फोन रिसीव नहीं करते हैं। अन्य समस्या में नीचे लटके बिजली के तार भी समस्याओं का सबब बने हुए हैं। हंगामा बढ़ता देख पुलिस भी मौके पर पहुंची। इसके बाद बेहट से अधिशासी अभियंता योगेंद्र सिंह को बुलाया गया। उन्होंने धरना दे रहे किसानों के बीच पहुंचे। कहा कि उनकी सभी समस्याओं का निराकरण कराया जाएगा। यदि कोई कर्मचारी भ्रष्टाचार में संलिप्त है तो जांच कराकर उसके खिलाफ भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद किसानों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिशासी अभियंता को देकर धरना समाप्त कर दिया। अनिल सैनी, सत्यपाल सिंह, महिपाल सिंह, धनवीर सिंह, चौधरी अंकित, शाहिद अंसारी, तुषार रस्तोगी, कृष्णसिंह फौजी, राव इरफान, विशाल कांबोज, राव सलीम, मनोज कांबोज, दीपक सैनी व तेलुराम आदि मौजूद रहे।