किसानों ने कृषि बिल की प्रतियां जलाकर किया सरकार का विरोध
खेड़ा अफगान में किसान हित एंव गोसेवा समिति के बैनर तले किसानों ने हरियाणा व पंजाब के किसानों का समर्थन किया है।
सहारनपुर, जेएनएन। खेड़ा अफगान में किसान हित एंव गोसेवा समिति के बैनर तले किसानों ने हरियाणा व पंजाब के किसानों का समर्थन किया है। किसानों ने अपना विरोध दिखाते हुए कृषि बिलों की जलाई प्रतियां। कृषि बिलों के विरोध में पूरे देश का किसान एकजुट हो रहा है। शनिवार को सहारनपुर के किसानों ने भी हरियाणा व पंजाब के किसानों को समर्थन देते हुए बीच सड़क पर कृषि बिलों की प्रतियां जलाई।
किसान संगठन किसान हित एवं गो सेवा समिति के अध्यक्ष बिट्टू नंबरदार के नेतृत्व में नकुड़ ब्लाक के गांव बांदूखेड़ी में लाखन सिंह के आवास पर हरियाणा व पंजाब के किसानों का समर्थन किया गया। समिति अध्यक्ष चौधरी बिटटू नंबरदार ने कहा कि सरकार तीनों किसान विरोधी अध्यादेशों को वापस ले। फसल की समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित करे। मौके पर पहुंचे कुछ किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि जनपद में कई फैक्ट्रियां व भट्टे दिन रात प्रदूषण उगल रहे हैं। उन पर किसी प्रकार की प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पटवारी मुकदमों का डर दिखाकर किसानों से अवैध वसूली करने का काम कर रहे हैं। किसानों ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों का शोषण करने का काम कर रही है। किसानों ने कृषि अध्यादेशों के विरोध में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कहा कि जब तक किसानों की मांगें पूरी नहीं होती हैं। आंदोलन चलता रहेगा। इस मौके पर चौधरी लाखन सिंह, अनूप सिंह एडवोकेट, अमर सिंह, सुदेश चौधरी, पूर्व प्रधान अंकुश चौधरी थरौली, पप्पू चौधरी, सुधीर मुखिया रतनाखेड़ी आदि मौजूद रहे।