पहले अपराधियों से डरती थी पुलिस, अब बदमाशों का ठिकाना है जेल: डा. सत्यपाल
बेहट में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बागपत से भाजपा सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों को एक समान सम्मान मिलता है।
सहारनपुर, जेएनएन। बेहट में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बागपत से भाजपा सांसद डा. सत्यपाल सिंह ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों को एक समान सम्मान मिलता है। पार्टी में किसी प्रकार के भेदभाव की संस्कृति नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकारों द्वारा चलाई जा रही अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग के व्यक्ति तक बहुत ही सरल तरीके से पहुंच रहा है। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ग का व्यक्ति इसे अपनी पार्टी समझता है और आगामी विधानसभा चुनाव में फिर से भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा।
पूर्व केंद्रीय मंत्री कस्बे के जनता इंटर कॉलेज में भाजपा के प्रबुद्ध सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विकास उन्मुख फैसलों से विपक्षी दलों में बौखलाहट है। भाजपा सरकारों की हर वर्ग के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक नजर है। डा. सत्यपाल सिंह ने पूर्व की सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश में पहले पुलिस अपराधियों से डरती थी, अब अपराधी या तो जेल में हैं या भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी योजनाओं का पैसा अंतिम व्यक्ति तक पहुंचते-पहुंचते 15 पैसे बचता था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी के राज में कोई डेढ़ रुपये इधर-उधर नहीं कर सकता। भ्रष्टाचार करने वालों की जगह जेल में होती है। इस दौरान पूर्व सांसद राघव लखन शर्मा, जिला अध्यक्ष डा. महेंद्र सैनी, पूर्व विधायक मामचंद लांबा,पूर्व विधायक महावीर राणा, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साहब सिंह पुंडीर, जिला उपाध्यक्ष सोनेंद्र राणा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। जिला कोषाध्यक्ष अनिल सिघल, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि योगेश पुंडीर, ब्लाक प्रमुख सढोली कदीम विश्वास चौधरी, मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी, लोकेश त्यागी, विजय सैनी सहित प्रधान बीडीसी एवं पार्टी के पदाधिकारी उपस्थित रहे।