लटके विद्युत तारों में फंसी बरातियों की बस, एक गंभीर
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) बरात लेकर जा रही बस की छत पर विद्युत तार फंस गया जिससे बड़
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर) : बरात लेकर जा रही बस की छत पर विद्युत तार फंस गया, जिससे बड़ी घटना होने से बच गई। तार बस की छत में फंस जाने से चार खंबे टूट गए। खंभे गिरने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के बाद युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया है।
गुरुवार को कस्बे के मोहल्ला इकराम में एक शादी की बस जा रही थी। अचानक बस की छत पर खंभों से लटका तार फंस गया। तार खींचने से चार बिजली के खंबे व तार टूट कर सड़क पर गिर गए। वहां से गुजर रहे शिव कुमार के ऊपर खंभा गिर पड़ा, जिससे शिव कुमार को करंट लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी आवाज सुनकर काफी लोग मौके पर दौड़े और विद्युत आपूर्ति बंद करा कर शिव कुमार को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र लाए। जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना से आक्रोशित लोग एकत्रित होकर थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। मोहल्ले के लोगों ने बताया की खंभों पर लगे तार भी काफी लटके हुए हैं, जिनसे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कई बार विद्युत अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।