नाट्य प्रस्तुतियों ने जीता दर्शकों का दिल
सहारनपुर रंग महोत्सव-2020 के दूसरे दिन कलाकारों ने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों का दिल छू जीत लिया। नृत्य प्रतियोगिता में बाल कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों पर तालियों से सभागार गूंज उठा।
सहारनपुर, जेएनएन। सहारनपुर रंग महोत्सव-2020 के दूसरे दिन कलाकारों ने भावपूर्ण अभिनय से दर्शकों का दिल छू जीत लिया। नृत्य प्रतियोगिता में बाल कलाकारों की मनोहारी प्रस्तुतियों पर तालियों से सभागार गूंज उठा। नाट्य प्रस्तुतियों में कलाकारों के जीवंत अभिनय ने अमिट छाप छोड़ी।
शनिवार को गांधी पार्क स्थित जनमंच सभागार में मानसी अभिनय गुरुकुल द्वारा आयोजित रंग महोत्सव में पवन शर्मा के निर्देशन में मंचित नाटक दूसरा अध्याय में दर्शाया गया कि अविवाहित अभय व विवाहित नीरजा मद्रास में एक ट्रेनिग के दौरान मिलते हैं। दोनों में प्रेम की शुरुआत होती है। असमंजस और अंतरद्वंद्व के बीच अभय अनायास ही नीरजा को विदा कहकर विदेश चला जाता है। हालात नए मोड़ लेते हैं और लंबे अंतराल के बाद फिर नीरजा तथा अभय आमने-सामने होते हैं। इस बार नीरजा को अभय का साथ चाहिए लेकिन हालात इस हद तक तब्दील हो चुके हैं कि एक बार फिर दोनों को एक मोड़ पर ठहरना पड़ता है। रंगकर्मी अशोक वर्मा,पारस रंधावा,अनुश्री अग्रवाल व नीरज चौधरी ने भी किरदारों से न्याय किया। मंच सज्जा में विक्रांत जैन, संगीत में विवेक आर्यन, प्रकाश संयोजन में काशिफ नून सिद्दीकी सहित मंच व्यवस्थापन में रीतिका वालिया, प्रभाकर द्विवेदी, पारस छाबड़ा, नूर आलम आदि ने बखूबी जिम्मेदारी निभाईं।
नाटक राधा की नौटंकी का मंचन मानसी अभिनय गुरुकुल के कलाकारों ने किया। नाटक का एक कलाकार जो लड़का होकर लड़कियों का अभिनय करता है, उसकी पारिवारिक स्थिति को दर्शाता है। योगेश पंवार के निर्देशन में धीरज बत्रा, रितिका कांबोज, शानू सिद्दीकी, फसीह खान, नितिन, साहिल शेख व श्याम ने जीवंत अभिनय से अमिट छाप छोड़ी। उड़ीसा से आई सारस्वत संगीत कला एकेडमी के कलाकारों ने नाटक अपरिचित कलाकार की प्रस्तुति दी। निर्देशन सत्यनारायण साहू ने किया। इसके अलावा नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति से तालियां बटोरी। निर्णायकों में शिवानी खन्ना व प्रिया बजाज रही। संचालन आदित्य शर्मा ने किया। इस मौके पर केके गर्ग, योगेश पंवार, राकेश शर्मा, धुरेंद्र शर्मा, पूनम गर्ग, राजीव उपाध्याय, दीपाली गर्ग, विजेश जोशी, रश्मि पंवार, परी पंवार, डा.स्वर्णजीत सिंह, रविद्र तेजान, दिनेश तेजान आदि मौजूद रहे।