बूंदाबांदी ने बदला मौसम का मिजाज, धूल भरी हवा चली
मंगलवार की सुबह का आगाज साफ आसमान से हुआ। बाद में आसमान में घटा छाने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। दिन में कई बार हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज ठंडा हो गया।
सहारनपुर, जेएनएन। मंगलवार की सुबह का आगाज साफ आसमान से हुआ। बाद में आसमान में घटा छाने से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। दिन में कई बार हुई बूंदाबांदी से मौसम का मिजाज ठंडा हो गया। तेज हवाओं के उड़ी धूल ने राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा दी। अगले 24 घंटे में मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है।
मौसम में आए एकाएक बदलाव से लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। सूर्यदेव के दर्शन न होने से सुबह से ही तेज धूल भरी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। गत एक पखवाड़े से मौसम गर्म होने के कारण लोगों ने पहले ही गर्म कपड़ों से दूरी बना ली। ज्यादातर ने गर्म कपड़ों को अगले वर्ष के लिए उठा कर रख दिया। सुबह से चली तेज हवा लोगों को गर्म कपड़ों की याद दिलाई। मौसम में ठंड का यह मिजाज होली के मौके पर लोगों की परेशानी का कारण बन सकता है। अमूमन होली पर्व के आसपास मौसम में बदलाव होता रहा है। शाम होते ही एक बार फिर ठंडी हवाओं ने अपना असर दिखाया। राजकीय मौसम वेधशाला मुजफ्फराबाद के प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार न्यूनतम तापमान 17.8 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सोमवार के मुकाबले मंगलवार को तापमान में कमी दर्ज की गई। सोमवार को न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री तथा अधिकतम 30 डिग्री सेल्सियस रहा था। उन्होंने बताया कि आगामी 24 घंटे मौसम का यही रुख बने रहने की संभावना है। तेज हवा के साथ कई स्थानों पर बूंदाबादी हो सकती है।