अध्यात्म ज्ञान का अभाव ही जीवन में चिता का कारण: साक्षी गोपाल दास
इस्कान धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल दास ने कहा कि जो ध्यान से सुनता है वो ही जीवन में कुछ पाता है। अध्यात्म ज्ञान का अभाव ही हमारे जीवन में चिता का असली कारण है।
सहारनपुर, जेएनएन। इस्कान धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के अध्यक्ष साक्षी गोपाल दास ने कहा कि जो ध्यान से सुनता है वो ही जीवन में कुछ पाता है। अध्यात्म ज्ञान का अभाव ही हमारे जीवन में चिता का असली कारण है। अज्ञानता ही हमारे दुखों का कारण है।
साक्षी गोपाल दास इस्कान प्रचार समिति सहारनपुर एवं कुरूक्षेत्र के नेतृत्व में मंगलवार को जनमंच सभागार में आयोजित प्रांतीय गीता सम्मेलन को मुख्य अतिथि पद से संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उनके सुपुत्र गोविन्द कृष्ण दास भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ साक्षी गोपालदास एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर किया। साक्षी गोपाल दास ने कहा कि शरीर दो होते है, एक वो जिसमें आत्मा होती है और एक वो जिसमें आत्मा नही होती। जिस शरीर से आत्मा निकल जाती है उसकी कोई वैल्यू नही रहती। जिसको अपना ज्ञान हो जायेगा कि मैं कौन हूं तो वह जीवन में कभी दुखी नही रहेगा। कहा कि जैसे व्यक्ति अपने वस्त्रों को बदलता है उसी प्रकार आत्मा शरीर को बदलती है। शरीर का अंत होना निश्चित है। उन्होंने कहा कि तनाव रूपी बीमारी का ईलाज केवल अध्यात्म और भागवत गीता में ही है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि समस्त तनावों के बीच में जिसने अपना व्यक्तित्व धैर्य के साथ सुरक्षित रखा है उसने सफलता प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि जब हम कभी तनाव में हो तो हमे विचलित नही होना चाहिए। साक्षी गोपाल दास के पुत्र गोविन्द कृष्ण ने उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब एक गुरू की कृपा होती है तो गूंगा भी बोलने लगता है, और लंगड़ा व्यक्ति भी बड़े से बड़े पर्वत को पार कर जाता है। कहा कि आज का युवा अपनी संस्कृति को भूलता जा रहा है। युवाओं की परेशानियों का हल भागवत गीता में है। भागवत गीता मन का ईलाज करती है। तनाव मुक्त जीवन व्यतीत करने के लिये भगवत गीता एकमात्र सहारा है। भगवत गीता किसी धर्म विशेष की पुस्तक नही है। यह हर उस इन्सान के लिये है जो तनाव से मुक्ति चाहता है।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति देकर अतिथियों के स्वागत के साथ की गयी। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता राजकुमार राजू ने किया। इस मौके पर महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, अध्यक्ष एवं कोर्डिनेटर इस्कॉन प्रचार समिति सहारनपुर अरुण कांत बांगा, सीडीओ प्रणय सिंह, एजुकेशन कमिश्नर आरपी शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार दुबे, बीएसए रामेंद्र कुमार, कर्नल राजीव रावत आदि मौजूद रहे।