सहारनपुर के नृत्य साधकों को मिला ताज इंटरनेशनल अवार्ड
डा. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी आगरा के तत्वावधान में इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट द्वारा ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2019 का आयोजन किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। डा. भीमराव अंबेडकर यूनिवर्सिटी आगरा के तत्वावधान में इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट द्वारा ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2019 का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य प्रस्तुति में सहारनपुर के वैष्णवी नृत्यालय के साधकों ने कथक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति को देखकर देश-विदेश से आए हजारों दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। नृत्यांगना प्रवेश, वैष्णवी नृत्यालय की डायरेक्टर रंजना नैब के नृत्य निर्देशन में राजेश, अनुश्री पांडे, तेजस्वी, आस्था, मान्य, नव्या ने राधा कृष्ण नृत्य नाटिका का अद्भुत मंचन किया। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य मंत्री चौधरी उदय भान सिंह, और फिल्म एक्टर रजा मुराद ने नृत्य साधकों की जमकर प्रशंसा की। रूस की डायरेक्टर तात्याना ग्लैडीशेवा व फ्रांस की फिल्म डायरेक्टर मेरीन बोरवो ने वैष्णवी नृत्यालय के साधकों को ताज इंटरनेशनल अवार्ड से सम्मानित किया। नृत्यांगना रंजना नैब ने बताया कि सहारनपुर के नृत्य साधकों ने अपनी मेहनत के जरिये जिले का नाम रोशन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रजा मुराद, मंत्री चौधरी उदयभान, सुधाकर शर्मा, बीएन तिवारी, मनोज तिवारी के अलावा देश विदेश के हजारों फिल्म प्रेमी उपस्थित रहे।