एनजीटी की आड़ में किसानों का उत्पीड़न कर रहा प्रशासन
राष्ट्रीय लोकदल ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
सहारनपुर, जेएनएन। राष्ट्रीय लोकदल ने किसानों की समस्याओं को लेकर जिला मुख्यालय पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। बाद में जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया।
राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम व प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे किसानों को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने कहा कि एनजीटी की आड़ में प्रशासन किसानों का उत्पीड़न न करे। गन्ने की पत्ती व धान की पराली जलाने पर किसानों के ऊपर जो मुकदमे दर्ज किये जा रहे हैं और जुर्माना वसूला जा रहा है, रालोद इसकी निदा करता है। राव कैसर सलीम ने कहा कि प्रशासन दोहरी नीति अपनाए हुए है। सुप्रीम कोर्ट का आदेश है कि किसानों को उनके गन्ने का भुगतान 14 दिन के भीतर किया जाए अन्यथा विलंब होने पर ब्याज सहित भुगतान देना होगा। इसके बावजूद प्रदेश की चीनी मिलों पर अरबों-खरबों रुपये बकाया हैं। किसी भी चीनी मिल द्वारा ब्याज सहित गन्ना भुगतान नहीं किया जा रहा है। रालोद किसी भी सूरत में इसे बर्दाश्त नहीं करेगा। प्रदर्शनकारियों में चौधरी अयूब हसन, अर्जुन सिंह, महानगर अध्यक्ष सतपाल कालड़ा, चौधरी गजेंद्र सिंह, हरपाल सिंह, चौधरी धनवीर सिंह, सागर चौधरी, आदि रहे।