दहेज पीड़िता का दूसरे दिन भी सुराग नहीं
सहारनपुर सदर कोतवाली के हिम्मतनगर से लापता दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता रितु का द
सहारनपुर: सदर कोतवाली के हिम्मतनगर से लापता दहेज उत्पीड़न की शिकार विवाहिता रितु का दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा है। महिला के परिजनों ने अपनी बेटी के साथ अनहोनी की आशंका जताई है। महिला के पिता ने उसके ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और मारपीट का आरोप लगाते हुए सोमवार को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने महिला के पति को मंगलवार को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया था।
जनपद शामली के कांधला निवासी डा. श्रीधर शर्मा ने तीन वर्ष पूर्व अपनी बेटी रितु का विवाह हिम्मतनगर निवासी सचिन शर्मा पुत्र राकेश शर्मा के साथ किया था। रितु के ढाई वर्षीय बेटा भी है। रितु बीते सोमवार दोपहर एक बजे संदिग्ध हालत में लापता हो गई। श्रीधर परिजनों के साथ सोमवार को सहारनपुर पहुंचे और सचिन, उसके माता-पिता, बहन और बहनोई के खिलाफ नामजद तहरीर दी। आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर ससुरालियों द्वारा रितु का उत्पीड़न किया जा रहा था। तीन माह पूर्व उसकी बुरी तरह पिटाई भी की गई थी, लेकिन उस समय दोनों परिवारों में समझौता हो गया था। इसके कुछ समय बाद ही रितु का उत्पीड़न दोबारा शुरू कर दिया गया था।
इनका कहना है..
रितु की खोजबीन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। रितु के बरामद होते ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- दिनेश कुमार पी, एसएसपी सहारनपुर।