कलसिया नहर में नहाते हुए श्रद्धालु डूबा, मौत
बेहट (सहारनपुर): सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में लगे भाद्रपद के पद्यात्री मेले में रामपुर मनिहारान
बेहट (सहारनपुर): सिद्धपीठ शाकंभरी देवी में लगे भाद्रपद के पद्यात्री मेले में रामपुर मनिहारान के गांव जानखेड़ा से जा रहे एक जत्थे में शामिल एक श्रद्धालु की कलसिया के पास पूर्वी यमुना नहर के पास डूबने से मौत हो गई। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से लगभग दो किमी आगे उसका शव निकाला।
इन दिनों पद्यात्रा में भीड़ चरम पर है, जो श्राद्ध पक्ष शुरू होने से एक दिन पहले तक चलेगी। इस यात्रा में सहारनपुर व आसपास जनपदों के श्रद्धालु जा रहे हैं। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव जानखेड़ा से भी श्रद्धालुओं का एक जत्था शुक्रवार को शाकंभरी जा रहा था। जत्थे में शामिल कुछ युवा श्रद्धालु कलसिया के पास पूर्वी यमुना नहर में नहाने के लिये उतर गये। इनमें से मुनीष (17) पुत्र चौधरी नवाब ¨सह पानी की धार की साथ बह गया। उसे बहता देख अन्य साथियों ने शोर मचाया। पुलिस को भी सूचना दी गयी, लेकिन काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची तो सभी श्रद्धालुओं ने अपने प्रयास से नहर का पानी मशखरा नदी में खुलवाया और ग्रामीणों की सहायता से उसकी तलाश शुरू की। लगभग 2 किमी आगे मुनीष को गंभीर हालात में निकाला और गांव के ही निजी चिकित्सक के यहां ले गये। जहां उसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए।