बिजली चोरी मामले में देवबंद कस्बा सूबे में पहले स्थान पर, नकुड़ के बिजली चोर भी किए हैं नाक में दम
बिजली चोरी के मामले में देवबंद कस्बा उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर है, जहां 70% से अधिक चोरी पाई ...और पढ़ें

देवबंद का रेलवे स्टेशन। जागरण
HighLights
देवबंद में 70% से अधिक बिजली चोरी दर्ज।
नकुड़ प्रदेश में चौथे स्थान पर, 138 मामले पकड़े।
बिजली चोरों पर शिकंजा कसने को मार्निंग रेड।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। प्रदेशभर में बिजली चोरी के मामले में देवबंद कस्बा पहले स्थान पर है। विद्युत विभाग की जांच में कस्बे में 70 प्रतिशत से ज्यादा बिजली चोरी की बात सामने आई है। वहीं, जनपद के नकुड़ कस्बे में बिजली चोर विभाग की नाक में दम किए हुए हैं। बिजली चोरी के मामले में नकुड़ प्रदेश भर में चौथे नंबर पर रहा। विभाग ने बिजली चोरों पर शिकंजा करने के लिए मार्निंग रेड शुरू कर दी है। पिछले चार माह में देवबंद में 317 और नकुड़ में 138 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई है। सभी आरोपितों के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए गए हैं।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के आंकड़ों में देवबंद नगर में करीब 70 प्रतिशत बिजली चोरी पाए जाने के बाद निगम ने बड़े स्तर पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। देवबंद में विद्युत निगम के अवर अभियंता विष्णु कोठारी ने बताया कि ऊर्जा निगम की ओर से जारी उच्च राजस्व हानि वाले फीडर की सूची के अनुसार विद्युत वितरण खंड देवबंद के फीडर टाउन-5 के अंतर्गत पठानपुरा, दगड़ा, किला सहित अन्य क्षेत्रों में, टाउन नंबर-3 में कायस्थवाड़ा तथा आसपास के मोहल्लों में और फीडर टाउन-1ए के अंतर्गत एसडीएम कोर्ट, लहसवाड़ा आदि क्षेत्रों में सबसे अधिक बिजली चोरी दर्ज की गई है।
वर्ष 2025-26 में जुलाई तक बिजली चोरों ने टाउन-3 क्षेत्र में 9.27 करोड़ रुपये तथा टाउन-1ए क्षेत्र में 7.98 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति पहुंचाई है। बताया कि बिजली चोरों पर अंकुश लगाने को मेरठ मंडलायुक्त, पश्चिमांचल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक रविश कुमार तथा सहारनपुर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इनके निर्देशन में पुलिस बल के साथ संयुक्त टीमें चिह्नित क्षेत्रों में घर-घर जाकर विद्युत परिसरों की जांच करेंगी। जांच के दौरान बिजली चोरी पाए जाने पर संबंधित उपभोक्ताओं के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर बिजली चोरी वाले क्षेत्रों की रिपोर्ट साझा की गई है। साथ ही सभी अधिकारियों को अभियान को गंभीरता से संचालित करने और बिजली चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मार्निंग रेड में पकड़ी बिजली चोरी, घटा विद्युत लोड
देवबंद क्षेत्र में पिछले डेढ़ महीने से बिजली चोरी रोकने को अभियान चल रहा है। अभियान दौरान 317 बिजली चोरों पर एफआइआर हुई है। कार्रवाई के डर से प्रत्येक फीडर पर 70 से 80 एम्पियर लोड कम हुआ है। वहीं नकुड़ में अधिशासी अभियन्ता शाश्वत सिंह ने बताया कि नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में एक अप्रैल से 21 अगस्त तक 138 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए हैं। चेकिंग अभियान के दौरान नगर के मोहल्ला अफगानान, बंजारान, नई बस्ती व चौधरीयान में बिजली चोरी अधिक मामले सामने आए हैं। उपभोक्ताओं से बिजली चोरी नहीं करने व कनेक्शन डिस्कनेक्ट होने आदि की कार्रवाई से बचने के लिए बिलों का समय पर भुगतान करने की अपील की गई है। साथ ही बिजली चोरी करने पर मुकदमे दर्ज करने की चेतावनी भी दी गई है।
