गृह उपयोगी वस्तुओं और झालरों की बढ़ी मांग
रामपुर मनिहारान में दीपावली पर्व के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व पर घरों में सजावट करने के लिए लोगों में खासा उत्साह है।
सहारनपुर, जेएनएन। रामपुर मनिहारान में दीपावली पर्व के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। पर्व पर घरों में सजावट करने के लिए लोगों में खासा उत्साह है। बाजार में इन दिनों बिजली की एलईडी झालरों, सजावटी फूलों की झालरों और शोपीस की खासी मांग है। विभिन्न प्रकार की टैराकोटा से बनी प्रतिमाओं को लोग खासा पसंद कर रहे हैं। वहीं दीपावली पर घर को रौशन करने के लिए रंगबिरंगी झालरों को काफी पसंद किया जा रहा है। इन झालरों की कीमत 60 रुपये से शुरू होकर दो सौ रुपये तक जाती है। वहीं टैराकोटा की प्रतिमाओं की कीमत दो सौ रुपये से सात सौ रुपये तक है। इसके साथ ही लोग नए कपड़ों और बर्तनों और अन्य गृह उपयोगी वस्तुओं की खरीदारी भी कर रहे हैं। बाजार में खाना गर्म रखने के लिए हॉटकेस काफी पसंद किए जा रहे हैं। खरीदारी करने आए लोगों ने बताया कि हॉटकेस अपने रिश्तेदारों को तोहफे में देने के लिए भी अच्छा विकल्प है।