जिम संचालक पर हाकी और सरियों से जानलेवा हमला
जनकपुरी थानाक्षेत्र के बाजोरिया रोड पर एक जिम संचालक पर शनिवार की सुबह पांच युवकों ने जिम संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया है जिसमें जिम संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहारनपुर, जेएनएन। जनकपुरी थानाक्षेत्र के बाजोरिया रोड पर एक जिम संचालक पर शनिवार की सुबह पांच युवकों ने जिम संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया है, जिसमें जिम संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि एक हमलावर को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उससे पूछताछ करने में जुटी हुई है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
मंडी कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला भूतेश्वर निवासी हिमांशु शर्मा का जनकपुरी थानाक्षेत्र के बाजोरिया रोड पर जिम है। हिमांशु ने बताया कि वह रोजाना अपने जिम को आठ बजे के खोलता है। शनिवार की सुबह वह अपना जिम खोल रहा था। तभी पांच युवक लाठी, डंडे और सरियों से लैस होकर वहां आए और उस पर हमला कर दिया, जिससे शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई। हिमांशु ने शोर मचाया तो आरोपित फरार होने लगे। हालांकि मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दे दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े हुए युवक को थाने पर ले गई। जनकपुरी थाना प्रभारी प्रवेश कुमार ने बताया कि हिमांशु की तरफ से अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। उसका उपचार चल रहा है। जैसे ही वह तहरीर देगा। मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। पकड़े गए युवक से पूछताछ चल रही है।
महिला की संदिग्ध मौत
सहारनपुर: देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव परागपुर निवासी आरती पत्नी सचिन की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, राहुल नाम के युवक ने आरती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। उस समय उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। शनिवार की दोपहर में उसकी मौत हो गई। सीओ दुर्गा प्रसाद तिवारी ने बताया कि आरती की मौत की जांच शुरू कर दी है। उसके मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए हैं। हालांकि मायके पक्ष की तरफ से कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। तहरीर आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।