सहारनपुर में भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के भाई सचिन का अंतिम संस्कार
सचिन के अंतिम संस्कार के बाद दोपहर एक बजे लोग अपने-अपने घर लौट गये, लेकिन नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सहारनपुर-बडग़ांव मार्ग पर महिलाओं का धरना जारी है।
सहारनपुर (जेएनएन)। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के भाई सचिन वालिया का आज अंतिम संस्कार आज तनाव तथा भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान भीम आर्मी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ही जेएनयू के भी कुछ छात्र मौजूद रहे।
सचिन वालिया की कल सुबह गोली लगने से मौत हो गई थी। परिवारीजन ने राजपूत समाज के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए जिला अस्पताल में जमकर बवाल किया था। पुलिस से भी धक्का-मुक्की की गई थी। इसके बाद रातभर परिजनों व भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने शव पुलिस के हवाले नहीं किया। पुलिस ने आज ही तड़के चार बजे शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
सुबह लगभग साढ़े छह बजे शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद परिजन व कार्यकर्ता शव को नीले कपड़े में लपेटकर गांव ले गए। सुबह लगभग 11 बजे पुलिस, पीएसी व आरएएफ की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से जेल में बंद भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण को बुलाने की मांग की, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा का हवाला देते हुए इन्कार कर दिया।
सचिन के अंतिम संस्कार के बाद दोपहर एक बजे लोग अपने-अपने घर लौट गये, लेकिन नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सहारनपुर-बडग़ांव मार्ग पर महिलाओं का धरना जारी है। इसके साथ ही शहर में इंटरनेट सेवाएं अभी भी बंद हैं।