मेरठ में पलायन को लेकर CM योगी नाराज, कहा- खौफ में पलायन हुआ तो कार्रवाई के लिए रहें तैयार
सहारनपुर मंडल की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री हाल ही सुर्खियों में चल रहे मेरठ पलायन को लेकर खासे नाराज दिखाई दिए।
सहारनपुर, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर मंडल की समीक्षा के दौरान अधिकारियों से एक-एक योजना की प्रगति रिपोर्ट तलब की। दोपहर से शुरू हुए दौरे के पहले सत्र में योगी ने जिला अस्पताल और गोशाला का निरीक्षण किया। दूसरे सत्र में तीन बजे से देर रात तक विभागीय व पार्टी संगठन की समीक्षा की। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री हाल ही सुर्खियों में चल रहे मेरठ पलायन को लेकर खासे नाराज दिखाई दिए। बोले कि खौफ की वजह से किसी का भी पलायन नहीं होना चाहिए, चाहे वह हिंदू हो या मुसलमान। उन्होंने शामली के कैराना का जिक्र किया।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सवा एक बजे सहारनपुर पहुंचे। यहां से सीएम का काफिला सीधे जिला अस्पताल पहुंचा। मुख्यमंत्री ने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मरीजों का हाल जाना। बच्चा वार्ड में पांच-छह बच्चों से बातचीत की। अभिभावकों को सलाह दी कि बच्चों को पानी उबालकर पिलाएं। दूषित जल ही बीमारी की जड़ है। इससे इतर कार्यकर्ताओं संग बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मिली हार पर मलाल जताते हुए पार्टी नेताओं को जनता से जुड़कर कार्य करने की नसीहत दी।
कान्हा उपवन में गायों को खिलाया चारा
करीब 30 मिनट तक अस्पताल में रुकने के बाद सीएम का काफिला नवादा रोड स्थित कान्हा उपवन की तरफ चल पड़ा। सीएम योगी ने गोशाला में कई गायों को अपने हाथ से गुड़ और चारा खिलाया।
महिला अपराधों में करें सख्त पैरवी
मुख्यमंत्री ने महिला संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। पॉक्सो एक्ट के मामलों में जेल जाने वाले आरोपितों को सख्त सजा मिले, इसके लिए कोर्ट में सख्त पैरवी की जाए। एक से 31 जुलाई तक महिला सुरक्षा अभियान चलाने केलिए एंटी रोमियो स्क्वायड को सतर्क करने के निर्देश दिए।
अवैध बूचड़खानों और खनन बंद कराएं
मुख्यमंत्री ने अवैध बूचड़खानों के खिलाफ भी अभियान चलाकर इन्हें बंद करवाने को कहा। भू-माफिया, जहरीली शराब और मादक पदार्थ की बिक्री पर भी पाबंदी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध खनन में संलिप्त लोगों की संपत्ति जब्त करने को कहा। समीक्षा बैठक के बाद योगी ने यहीं रात्रि विश्राम किया।
तीन तलाक पीड़िताओं को पेंशन की मांग
अधिवक्ता एवं राष्ट्रवादी मुस्लिम महिला सिंह की राष्ट्रीय अध्यक्ष फरहा फैज ने मुख्यमंत्री को अनुरोध पत्र सौंप तीन तलाक पीड़िताओं के लिए भरण पोषण की मांग की।