सीएम के आगमन को लेकर बैठकों का दौर जारी
सहारनपुर : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का शिलान्यास करने आ रहे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्र
सहारनपुर : दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का शिलान्यास करने आ रहे केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने अधिकारियों एवं पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर कार्यक्रम की जानकारी की।
केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गड़करी एवं मुख्यमंत्री 11 सितंबर को आ रहे हैं। उनके आगमन से पूर्व रविवार को गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा ने कार्यक्रम स्थल पर डीएम-एसएसपी समेत सभी विभागों के अधिकारियों एवं पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में डीएम ने सभी अधिकारियों को सीएम के आगमन से संबंधित दिशा निर्देश दिये। एसएसपी उपेंद्र अग्रवाल ने सुरक्षा की ²ष्टि से पंडाल के आसपास और चारों ओर का निरीक्षण किया। पंडाल में बिना पास के एंट्री नहीं दी जाएगी। मुख्यमंत्री 11 सितंबर की शाम साढे तीन बजे बागपत से हैलीकाप्टर द्वारा सहारनपुर पुलिस लाईन में सांय 3.55 पर पहुंचेंगे। यहां से वह चार बजे कार्यक्रम स्थल साउथ सिटी ग्राउंड निर्भयपाल शर्मा मार्ग पर जाएंगे और यही पर सहारनपुर शामली खंड का केंद्रीय मंत्री के साथ शिलान्यास करेंगे। करीब सवा घंटा यहां रुकने के बाद वह सांय 5.20 बजे पुलिस लाइन में बने हैलीपैड पर जाएंगे और वहां से साढे पांच बजे सरसावा हवाई पट्टी पर पहुंचेंगे और राजकीय वायुयान से लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर दिल्ली रोड की टूटी सड़कों के गड्ढों को भरने का काम भी तेज हो गया है। बैठक में सांसद राघव लखनपाल शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महापौर संजीव वालिया, तेज क्वात्रा, हरीश मलिक, किशोर शर्मा, नरेश धनगर, शीतल बिश्नोई, प्रवीण छाबड़ा आदि रहे।