स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता से साफ होगा शहर: खन्ना
सहारनपुर : प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में सहारनपु
सहारनपुर : प्रदेश के नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में सहारनपुर नगर निगम को नंबर एक पर लाना है। इसके तहत निर्धारित नए कार्यक्रम के लिए वह सहयोग मांगने आए हैं। नया कार्यक्रम स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता के रूप में होगा। इसके दो खंड बनाए गए हैं। ये दोनो खंड दो हजार अंकों के होंगे। चयन समिति स्वच्छ वार्डों का चयन करेगी। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहने वाले वार्डों को 23 दिसंबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना गुरुवार को गांधी पार्क में आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण महारैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 'यूपी ने ठाना है, स्वच्छ प्रदेश बनाना है' के नारे के साथ अपनी बात को शुरू की। कहा कि यह सातवीं रैली है, इसकी शुरुआत बरेली से हुई थी। इसके बाद शाहजहांपुर, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़ हुई और आज सहारनपुर तथा मुरादाबाद में है। रैली का उद्देश्य यह है कि कैसे हम अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाए। अकबर इलाहाबादी ने कहा था कि खुदा ने उस कौम की हालत नहीं बदली जिसने खुद को नहीं बदला।
कहा कि आप और हम चाहेंगे तो सहारनपुर स्वच्छता में नंबर एक पर आएगा। नसीहत दी कि विदेशी भारत में आते हैं और कुछ भी खाते पीते हैं तो उसका रैपर अपनी जेब में रख लेते है। डस्टबिन मिलने पर उसमें डालते हैं। कहा कि चार जनवरी 2019 से स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होने वाला है। प्रथम पायदान पर आए इंदौर को देखने के लिए हमने अपने यहां से मेयर, पार्षद और कर्मचारियों को वहां भेजा था। इसका नतीजा यह हुआ कि पिछले साल गाजियाबाद, अलीगढ़ व झांसी को स्वच्छता में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि स्वच्छ वार्ड प्रतियोगिता कार्यक्रम 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक चलेगा। कहा कि नगर निगमों को एक-एक हजार डस्टबिन दिए गए हैं, इनका सदुपयोग करें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि स्वच्छता की सोच को स्थायी करना होगा। इस मौके पर महापौर संजीव वालिया, पूर्व विधायक लाज किशन गांधी, राजीव गुंबर, डा. मामचंद लांबा व महावीर राणा के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, मेला राम पंवार, राहुल लखनपाल शर्मा, कमिश्नर सीपी त्रिपाठी, डीएम आलोक कुमार पांडेय, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र ¨सह, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री दीपक चंद्रा आदि मौजूद रहे।