देहरादून हाइवे पर भाकियू का चक्का जाम, ट्रैक्टर ट्राली लगाकर रोक दिया आवागमन
बिहारीगढ़ केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) से जुडे सैकड़ों किसानों ने दिल्ली-दून हाईवे पर बिहारीगढ़ व छुटमलपुर के बीच शेरपुर में अपने ट्रैक्टर ट्राली खड़े कर चक्का जाम कर दिया।
सहारनपुर, जेएनएन। बिहारीगढ़ केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए तीन कृषि कानूनों के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) से जुडे सैकड़ों किसानों ने दिल्ली-दून हाईवे पर बिहारीगढ़ व छुटमलपुर के बीच शेरपुर में अपने ट्रैक्टर ट्राली खड़े कर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान धरने पर बैठे किसानों ने केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों के आंदोलन के चलते पुलिस प्रशासन द्वारा रूट डायवर्ट भी किया गया। इसके बावजूद हाईवे पर वाहनों का लंबा जाम लगा रहा।
हरियाणा के किसानों को दिल्ली जाने से रोकने और उनके साथ ज्यादती किए जाने से नाराज भाकियू नेतृत्व के आह्वान पर शुक्रवार को भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी चरण सिंह की अगुवाई में शुक्रवार को सैकड़ों किसान सुबह करीब 11 बजे दिल्ली देहरादून एनएच 307 पर पहुंचे। गांव शेरपुर के पास सड़क पर दोनों ओर ट्रैक्टर ट्राली खड़े कर पूरी तरह वाहनों का आवागमन बंद कर दिया और दरी बिछाकर किसान सड़क पर बैठकर धरना देकर बैठ गए। धरने पर किसानों ने केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया।
भाकियू युवा के जिलाध्यक्ष अजय कांबोज ने कहा कि किसान विरोधी तीनों बिल को सरकार को वापस लेना पड़ेगा, जब तक बिल वापस नहीं होंगे किसानों का विरोध जारी रहेगा। किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर हरियाणा व पंजाब के किसान को दिल्ली जाने से रोकने व उनके ऊपर आंसू गैस के गोले दागने और पानी की बौछार कर उन्हें प्रताड़ित करने की घोर निदा की है। धरने की अध्यक्षता चौधरी जगपाल व संचालन देवेंद्र कांबोज ने किया। धरने स्थल पर मुख्यरूप से युवा प्रदेश मंत्री चौधरी मेवाराम, मंडल सचिव अरुण राणा, मुकेश तोमर, मास्टर रघुवीर सिंह, राजवीर सिंह, बबली कांबोज, चंचल कांबोज, अरुण राणा, नरेश यादव, विरेन्द्र पाल, सचिन, सरदार भोला सिंह, आमीर खान, रणधीर सैनी, सुधीर सैनी, अनीस गौड़ आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।