BJP का ‘मिशन सहारनपुर मंडल’: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बैठक में शुरू किया 'जीत' पर मंथन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहारनपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने पश्चिम क्षेत्र के पूर्व जनप्रतिनिधियों ...और पढ़ें

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का सहारनपुर में स्वागत करते कार्यकर्ता।
HighLights
भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का सहारनपुर में हुआ भव्य स्वागत।
सहारनपुर मंडल की 16 सीटों में भाजपा की झोली में मात्र छह।
जागरण संवाददाता, सहारनपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहारनपुर पहुंच गए हैं। कमिश्नर कार्यालय के पास बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यह उनका सहारनपुर में प्रथम आगमन है। जिला और महानगर इकाई ने आयोजन के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। होटल पहुंचने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व सांसद राघव लखन पाल के आवास पर पहुंचे।
मंगलवार को होटल सरोवर पोर्टिको के गेट पर शंख ध्वनि और पुष्प वर्षा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया। होटल के सभागार में राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नवीन पश्चिम क्षेत्र के पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व एमएलसी और पूर्व राज्यसभा सदस्यों के साथ बैठक कर रहे हैं।
बैठक में बारी-बारी से राष्ट्रीय अध्यक्ष विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी के संगठन और आगामी चुनाव में पार्टी की स्थिति के बारे में फीडबैक ले रहे हैं। इस दौरान कई पूर्व जनप्रतिनिधि ने संगठन की गतिविधियों को सक्रिय करने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र शत प्रतिशत पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए समन्वय बनाने पर भी जोर दिया।
सम्मेलन चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों को परखने का अवसर
सम्मेलन चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों को परखने का अवसर भी है। सहारनपुर मंडल की 16 विधानसभा सीटों में भाजपा की झोली में मात्र छह सीटें है, जबकि तीनों लोकसभा सीटों पर सपा और कांग्रेस का कब्जा है। सत्ता की चाबी अपने पास रखने के लिए भाजपा को विधानसभा चुनाव पर फोकस करना होगा।
प्रदेश की विधानसभा में सहारनपुर की बेहट एक नंबर सीट है। सिद्धपीठ माता शाकंभरी देवी की धरा से भाजपा ने पिछले विधानसभा चुनाव के प्रचार का आगाज किया था। 100 करोड़ से अधिक पर्यटन विकास योजना शाकंभरी देवी क्षेत्र में चल रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सहारनपुर के हर दौरे में पर्यटन विकास योजनाओं की समीक्षा कर यह संदेश दे चुके है कि प्रदेश सरकार का पूरा फाेकस जिले पर है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के यहां प्रथम आगमन को लेकर पार्टी नेता और कार्यकर्ता उत्साहित हैं। पश्चिम क्षेत्र के 4800 शक्ति केंद्रों के संयोजकों से राष्ट्रीय अध्यक्ष रूबरू के रूबरू होने का यह अवसर है। पार्टी में कहां क्या कमी और उसे दूर करने में प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व किस प्रकार से सहयोगी की भूमिका निभा सकता है, इसे मंथन का बड़ा बिंदु माना जा रहा है।
हालांकि पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों की राय लेने की पार्टी नेतृत्व की मुहिम को काफी अहम् माना जा रहा है। बताते चलें कि वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में मंडल की 16 विधानसभा सीटों में से भाजपा को केवल छह पर विजयी मिली थी। वर्तमान में रालोद के पास छह और सपा के पास चार सीटें है।
सहारनपुर की सात सीटों में से पांच पर भाजपा और दो पर समाजवादी पार्टी काबिज है। मुजफ्फरनगर की छह सीटों में से भाजपा के पास केवल मुजफ्फरनगर है। रालोद के पास चार और समाजवादी पार्टी के पास एक सीट है। शामली की तीन सीटों में से दो पर रालोद और एक पर समाजवादी पार्टी का कब्जा है। मंडल की तीन लोकसभा सीट में सहारनपुर में कांग्रेस, कैराना और मुजफ्फरनगर में सपा काबिज है। सम्मेलन के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन श्री गुरु रविदास मंदिर में दर्शन के बाद ओजपुरा में कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे।
मंडल की तीन लोकसभा सीटें
- सहारनपुर--------इमरान मसूद-कांग्रेस
- मुजफ्फरनगर-----हरेन्द्र मलिक-समाजवादी पार्टी
- कैराना----------इकरा हसन-समाजवादी पार्टी
सहारनपुर की सात विधानसभा सीटें
- सहारनपुर नगर------राजीव गुंबर- भाजपा
- नकुड़-------------मुकेश चौधरी- भाजपा
- गंगोह-------------किरत सिंह- भाजपा
- देवबंद------------बृजेश सिंह- भाजपा
- रामपुर मनिहारान----देवेन्द्र निम-भाजपा
- बेहट-------------उमर अली खान-समाजवादी पार्टी
- सहारनपुर देहात-----आशु मलिक-समाजवादी पार्टी
मुजफ्फरनगर में छह विधानसभा सीटें
- मुजफ्फरनगर--------कपिल देव अग्रवाल भाजपा
- चरथावल----------पंकज मलिक-समाजवादी पार्टी
- पुरकाजी-----------अनिल कुमार-आरएलडी
- खतौली------------मदन भैया-आरएलडी
- मीरापुर------------मिथलेश पाल-आरएलडी
- बुढ़ाना------------राजपाल बालियान-आरएलडी
शामली में तीन विधानसभा सीटें
- शामली--------------प्रसन्न चौधरी-आरएलडी
- थानाभवन------------अशरफ अली-आरएलडी
- कैराना---------------नाहिद हसन-समाजवादी पार्टी
