भाइयों को तिलक कर की दीर्घायु की कामना
सहारनपुर :भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक भैयादूज पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया ग
सहारनपुर :भाई-बहन के अटूट स्नेह का प्रतीक भैयादूज पर्व पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी दीर्घायु व सुख-समृद्धि की कामना की। बाद में बहनों को उपहार भेंट किए गए। जिला जेल में भी बहनें अपने भाइयों को तिलक करने के लिए पहुंचीं।
शनिवार को भैया दूज पर्व जिलेभर में हर्षोल्लास से मनाया गया। घरों में सुबह पूजा-अर्चना के बाद बहनों ने भाइयों को तिलक कर उनकी आरती उतारी और मिठाई खिलाई। बच्चों में पर्व का उल्लास देखते ही बनता था। नए कपड़े पहने छोटे बच्चे सुबह से ही मामा और बुआ के आने का इंतजार करते नजर आए। भाइयों ने तिलक कराने के बाद बहनों को उपहार भेंट किए। कई भाई अपनी विवाहित बहनों के यहां शुक्रवार की शाम को ही पहुंच गए थे। सुबह पर्व पर बहन से तिलक कराकर बहनों से उन्हें मान-सम्मान से विदा किया। मिठाई व गिफ्ट की दुकानों पर खासी हलचल रही। मशहूर मिठाई बाजार हलवाई हट्टा की दुकानों पर मिठाई के साथ ही सुआली लेने के लिए लोगों को कतार में लगना पड़ा। घंटाघर और कोर्ट रोड की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ रही। जिला अस्पताल पुल, दालमंडी पुल, खुमरान पुल, प्रताप मार्केट सहित कई स्थानों पर लगे जाम के कारण बहनों और भाइयों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा। जिला कारागार में बंद भाइयों को तिलक करने के लिए बहनें सुबह से पहुंचने लगी थी। जेल प्रशासन की अनुमति के बाद कतारबद्ध बहनों को एक-एक कर तिलक करने के लिए प्रवेश दिया गया। बहनों ने जेल में बंद भाईयों को तिलक कर उनकी लंबी उम्र की कामना की।