विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सहारनपुर: अरबीन हत्याकांड पर फूटा गुस्सा, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; MP इकरा हसन व MLA नाहिद हसन ने दी आंदोलन की चेतावनी

By Deepak Prajapati Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 14 Oct 2026 04:17 PM (IST)

सहारनपुर में अरबीन चौहान हत्याकांड को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने गंगोह कोतवाली में प्रदर्शन किया। उन्होंने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।

HighLights

  1. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी मांग, मृतक की मां और बहनों समेत ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन।

  2. बुलडोजर कार्रवाई की मांग, कैराना सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन भी पहुंचे।

संवाद सहयोगी, गंगोह (सहारनपुर)। टायर जलाकर तेल निकालने वाली फैक्ट्री के मालिक अरबीन चौहान की हत्या को लेकर स्वजन और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को करीब 12 बजे फरार आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर माहौल गर्मा गया। मृतक के स्वजन के साथ सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंच गए।

मृतक की मां जुबैदा और परिवार की महिलाओं समेत लोगों ने गंगोह कोतवाली में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी के साथ बुलडोजर कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग उठाई। इस दौरान पुलिस पर लाठीचार्ज करने और मृतक के भाइयों के साथ मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि घटना के पांच दिन बाद भी सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों में रोष है। वे हत्याकांड में शामिल फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग कर रहे थे। धरने में मृतक की मां जुबैदा, बेटी सुहाना, अक्सा व सिफा, बहनें मेहरुबा, शेरो, नूरजहां, मुदी व अफसाना और भाई अमजद समेत परिवार के अन्य सदस्य शामिल रहे।

सूचना पर सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम, कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तथा नानौता और तीतरों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को कोतवाली से बाहर निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज व मृतक के भाई अमजद समेत उसके एक अन्य भाई के साथ मारपीट का आरोप लगाया गया। हत्याकांड में सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कुछ अधिवक्ता भी कोतवाली पहुंचे।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर कैराना से सपा सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन भी कोतवाली पहुंचे। उनके अलावा नियाज प्रधान, पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, हमजा मसूद और संदीप चौधरी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

आजाद समाज पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, एसडीपीआइ और किसान यूनियन से जुड़े लोगों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-प्रशासन से हत्याकांड के सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के बाद सांसद, विधायक, स्वजन और अन्य ज़िम्मेदार लोगों की अधिकारियों से वार्ता हुई।

अधिकारियों ने तीन दिन में ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया तो वे मान गए। इसके बाद धरना समाप्त कर सभी वहां से चले गए। प्रदर्शन के दौरान कुछ देर गंगोह-सहारनपुर मार्ग पर आने जाने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सांसद इकरा हसन और विधायक नाहिद हसन ने चेतावनी दी है कि यदि दिये गए समय मे कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़ा आंदोलन करने से भी पीछे नही हटेंगे। सीओ शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम में लगातार प्रयास कर रही है, जल्द आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इन्होंने कहा

अरबीन हत्याकांड में गंगोह थाने में मुकदमा दर्ज है। मृतक के स्वजन अपनी बात रखने के लिए कुछ लोगों के साथ थाने पर आए थे। जिनकी बातों को गंभीरता पूर्वक सुना गया। पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है। तीन आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक व्यक्ति हिरासत में है। पांच टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई है। जिसमें दो टीम मुख्यालय स्तर व तीन टीम थाना स्तर पर कार्य कर रही है।
-शैलेंद्र प्रताप गौतम, सीओ गंगोह।