24 घंटे में अतिक्रमण हटाने की घोषणा से लोगों में मचा हड़कंप
रामपुर मनिहारान में दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर बनने वाले फोरलेन मार्ग के लिए प्रशासन द्वारा एक दिन के भीतर अतिक्रमण हटाए जाने की घोषणा के बाद लोगों में हड़कंप मचा है।
सहारनपुर, जेएनएन। रामपुर मनिहारान में दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर बनने वाले फोरलेन मार्ग के लिए प्रशासन द्वारा एक दिन के भीतर अतिक्रमण हटाए जाने की घोषणा के बाद लोगों में हड़कंप मचा है। लोगों ने एसडीएम से मिलकर अपनी समस्याएं बताई हैं, लेकिन एसडीएम ने दो टूक कह दिया कि अतिक्रमण वाली जगह से लोग स्वयं अतिक्रमण हटा ले अन्यथा जेसीबी से जबरन उसे हटवाया जाएगा।
ज्ञात रहे कि दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर वर्तमान में फोरलेन का काम चल रहा है। कस्बों से बाहर फोरलेन का कार्य तेजी से आरंभ हो गया है। कस्बों के अंदर पीडब्ल्यूडी व प्रशासन द्वारा दो निशानदेही की गई है, जिसमें एक निशान देही पीले रंग की व दूसरी लाल रंग की है। जिसको लेकर प्रशासन द्वारा गुरुवार को अचानक दोपहर बाद घोषणा कराई गई। कस्बे के मुख्य मार्गों पर की गई पीली निशानदेही तक सभी दुकानदार व अन्य लोग खाली कर दे, यदि उस जगह को खाली ना की गई तो जेसीबी द्वारा तोड़फोड़ की जाएगी समान भी जब्त किया जाएगा।
कुछ लोग एकत्रित होकर दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर भ्रमण कर रहे एसडीएम देवेंद्र कुमार पांडे से मिले और उन्हें अपनी समस्या बताई एसडीएम ने कहा कि प्रशासन द्वारा पूरे सर्वे के बाद ही निशानदेही की गई है। प्रशासन की मंशा किसी भी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाना नहीं है जो निशानदेही की गई है। उसमें पीली निशानदेही तक पीडब्ल्यूडी की जगह है। उसके बाद जो लाल निशानदेही की गई है यदि उस जगह को एक्वायर किया जाता है तो उसका मुआवजा भी दिया जाएगा। प्रशासन की इस घोषणा के बाद से सभी लोग परेशान हैं। अगली रणनीति बनाने में जुटे हैं।