अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर अंजलि हुई सम्मानित
छुटमलपुर में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
सहारनपुर, जेएनएन। छुटमलपुर में अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के दीनदयाल उपाध्याय सभागार में शिक्षक उन्नयन संगोष्ठी एवं शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसमें कस्बे के प्राथमिक विद्यालय नंबर दो की अध्यापिका अंजलि आर्य को उनके द्वारा नवाचार व शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए स्मृतिचिन्ह, प्रशस्तिपत्र व मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त कर लौटी अध्यापिका अंजलि आर्य ने बताया कि समारोह में उनके सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों के 150 शिक्षकों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। सहारनपुर जनपद में यह सम्मान पाने वाली वह पहली अध्यापिका हैं। समारोह के दौरान उन्हें यह सम्मान गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक चिकित्सा महाविद्यालय कानपुर की प्राचार्या आरती दवे लाल चंदानी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी कानपुर डा. अनिल कुमार मिश्रा, सहायक निदेशक बेसिक कानपुर कालीचरण, विश्वविद्यालय के कुलपति विनोद कुमार सिंह व दीनदयाल शोध संस्थान केंद्र निदेशक डा. श्यामबाबू गुप्ता ने संयुक्त रूप से प्रदान किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक कर्ण सिंह और साथी अध्यापक व अध्यापिकाओं ने अंजलि आर्य को बधाई दी है।