बदहाल बिजली को लेकर सर्वदलीय नेताओं ने बिजलीघर पर दिया धरना
तीतरो में सर्वदलीय नेताओं द्वारा क्षेत्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर विद्युत केंद्र पर धरना देकर ड्यूटीरत कर्मचारियों को साथ में बैठाया। धरने में मौजूद भाजपा नेताओं ने विद्युत निगम को जमकर कोसा।
सहारनपुर, जेएनएन। तीतरो में सर्वदलीय नेताओं द्वारा क्षेत्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति को लेकर विद्युत केंद्र पर धरना देकर ड्यूटीरत कर्मचारियों को साथ में बैठाया। धरने में मौजूद भाजपा नेताओं ने विद्युत निगम को जमकर कोसा। बाद में कर्मचारियों द्वारा उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत कराने और उनके समस्या समाधान के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया।
मंगलवार को पिछले कई दिनों से नगर सहित इससे जुड़े गावों में नाममात्र को बिजली आने से परेशान होकर उनका सब्र छलक उठा और सभी दलों के नेताओं ने विद्युत केन्द्र पहुंचकर समस्या के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर मौजूद विद्युत कर्मियों द्वारा संतोषनजक जवाब नहीं देने पर सभी लोग उसी प्रागंण में धरने पर बैठ गये। धरने को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता चौ. कुलबीर सिंह ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारी प्रदेश सरकार को बदनाम करने की नीयत से जनता को परेशान कर रहे है। जर्जर विद्युत लाइनें दुर्घटनाओं का कारण बन रही है, विद्युत निगम के कर्मचारी संसाधन होते हुए भी कार्य न कर जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं। सपा नेता व नगर पचांयत अध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि कम क्षमता का विद्युत ट्रांसफार्मर बार-बार फुंक रहा है। इसको स्थापित कराने का खर्च भी विभाग के कर्मचारी जनता से वसूल रहे है। कांग्रेस नेता चौ. देवराज सिंह ने भी विद्युत विभाग पर बेवजह चेंकिग अभियान चलाकर जनता का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। सामूहिक रूप से जेल जाने की चेतावनी भी दी। धरने को वरिष्ठ समाजसेवी समोध चौधरी,भाजपा सभासद धर्मवीर सिंह ने भी संबोधित किया। घंटों तक चले धरने के बाद विद्युत कर्मियों ने विभागीय अधिकारियों से समस्या के समाधान का आश्वासन दिलाकर धरने को समाप्त कराया। इस मौके पर चौ. नेपाल सिंह, सभासद बोबी मुखिया, रवि, सुशील, अदीब, मेजपाल, नितिन चौधरी, रोबिन सिंह, शुभ, ओमकार सिंह आदि उपस्थित रहे।