जनपद में आज लगाए जाएंगे 35 लाख पौधे
आज जिलेभर में करीब 35 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य जिला प्रशासन द्वारा बनाया गया है।
सहारनपुर जेएनएन। भारत छोड़ो आंदोलन की 150 वी जयंती के उपलक्ष्य में शुक्रवार 9 अगस्त को जनपद में 35 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग के अलावा 25 अन्य विभागों को पौधे लगाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन द्वारा दी गयी है। पर्यावरण संरक्षण को पौधे लगाने के इस वृहद् अभियान में वन विभाग और स्वयंसेवी संगठनों को एक साथ मिलकर काम करने का मौका मिलेगा। पौधरोपण अभियान की निगरानी के लिए अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक अजय कुमार व पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रमुख सचिव केराम मोहन राव भी सहारनपुर पहुंच रहे हैं।
जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय के निर्देशन में शुक्रवार को होने वाले पौधरापण अभियान में इस बार जनपद को 33,29,200 पौधे लगाने का लक्ष्य मिला है। इसके सापेक्ष जनपद में 35,71,276 पौधे लगाए जाएंगे। वन विभाग द्वारा 10,36,158 पौधे लगाए जाएंगे। इनमें 9,51,558 पौधे शिवालिक पहाड़ियों के जंगल में लगाए जाएंगे। 84,600 पौधे सामाजिक वानिकी की सड़कों के किनारे व हिडन नदी के किनारों पर लगाए जाएंगे। वन विभाग की पौधशालाओं से 32,69,694 पौधे जनपद की सभी 887 ग्राम पंचायतों में पहुंच चुके हैं। प्रशासन का प्रयास है कि प्रत्येक गांव में 1500 से 2100 पौधे लगाए जाएं। ये पौधे स्कूल, कालेज, लोनिवि, सिचाई विभाग की खाली जमीनों पर लगाए जाएंगे। उद्यान विभाग व स्टार पेपर मिल ने दिये पौधे
जिला वन अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि वन विभाग के अलावा उद्यान विभाग व स्टार पेपर मिल ने भी पौध उपलब्ध कराई है। इनके मुताबिक स्टार पेपर मिल ने सवा लाख पौधे दिये हैं, जो उसके द्वारा लगाए जाएंगे। इसी प्रकार उद्यान विभाग द्वारा अपनी नर्सरी से डेढ़ लाख पौधे लगाए जाएंगे तथा रेशम विभाग द्वारा शहतूत के 30 हजार पौधे लगाए जाएंगे। परिवहन विभाग ने उद्यान विभाग की नर्सरी से पौधे लिए हैं। इन प्रजातियों के लगेंगे पौधे
जिला वन अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार को होने वाले पौध रोपण अभियान में शीशम, सागौन, अर्जुन, जामुन, आम, अमरुद, चकरेसिया, सहजन, यूकेलिप्टिस, सिरस, आंवला, कंजी, गुटेर आदि प्रजाति के पौधे लगाए जाएंगे। स्कूल कालेजों में सहजन के पौधे लगाने पर जोर दिया जा रहा है। नौरंगपुर में होगा मुख्य आयोजन
पौधरोपण कार्यक्रम का मुख्य आयोजन तहसील बेहट के ब्लाक मुजफ्फराबाद के गांव नौरंगपुर में हिडन नदी के तट पर सुबह 9 बजे किया जाएगा। इस मौके पर अतिरिक्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक अजय कुमार व पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रमुख सचिव केराम मोहन राव के अलावा मंडलायुक्त संजय कुमार, डीएम आलोक कुमार पांडेय के अलावा विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप