कोरोना के 25 नए केस आए, एसओ मंडी का हमराह परिवार सहित पॉजिटिव
जिले में एक बार फिर कोरोना विस्फोटक स्थिति ले रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में 25 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें एसओ मंडी का हमराह परिवार सहित पॉजिटिव आया है।
सहारनपुर, जेएनएन। जिले में एक बार फिर कोरोना विस्फोटक स्थिति ले रहा है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में 25 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। इनमें एसओ मंडी का हमराह परिवार सहित पॉजिटिव आया है। यह पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली गया था। इसके अलावा अन्य पॉजिटिव मरीज दिल्ली, गुजरात, पानीपत, नोएडा, गाजियाबाद, भोपाल व केरल से लौटे थे। सभी को कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट कर दिया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज से तीन मरीजों की छुट्टी भी कर दी है। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 330 हो गई है, जबकि 257 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद एक्टिव केस 73 बचे हैं।
जिलाधिकारी अखिलेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को 25 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की सूची आते ही ग्लोकल मेडिकल कॉलेज को पुन: कोविड-19 अस्पताल में बदल दिया है। कुछ मरीजों को वहां शिफ्ट कर दिया है। पाजिटिव मरीजों में एसओ मंडी का हमराह है, जो कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र का रहने वाला है। पिछले सप्ताह पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अपनी पत्नी व 11 साल के बेटे के साथ गया था। इसी तरह दो लोग भूतेश्वर मंदिर के बराबर वाली कॉलोनी में एक ही परिवार की महिला व पुरुष हैं। यह दोनों भी दिल्ली से लौटे हैं। इसके अलावा बेहट अड्डे के निकट वाली कॉलोनी का भी एक युवक पाजिटिव निकला। इनके अलावा देवबंद के सात मरीज हैं, जो पानीपत, भोपाल, गुजरात में अहमदाबाद तथा दिल्ली से आए थे। नागल की दो महिलाएं पोजिटिव मरीज हैं। गंगोह से तीन पाजिटिव हुए हैं जबकि नकुड़ से भी दो लोग पोजिटिव आए हैं। जिले में अब कोरोना मरीजों की संख्या 330 हो गई है। राजकीय मेडिकल कॉलेज से तीन मरीज स्वस्थ हुए हैं, जिनकी छुट्टी कर दी है। जिले में अब तक 257 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि गुरुवार को लिए गए 233 सैंपल के बाद अब तक कुल 12967 लोगों के सैंपल करवाए जा चुके हैं। इनमे से 11624 की रिपोर्ट निगेटिव है। इसी तरह अब तक 8273 लोगों को क्वारंटाइन कराया जा चुका है।