10912 लोगों को लगा टीका, 11 डेंगू के मरीज मिले
जिले में वर्तमान में एक भी कोरोना का मरीज नहीं है। अब केवल कोरोनारोधी टीके लगाए जा रहे हैं। ताकि कोरोना को जिले से जड़ से खत्म किया जा सके।
सहारनपुर, जेएनएन। जिले में वर्तमान में एक भी कोरोना का मरीज नहीं है। अब केवल कोरोनारोधी टीके लगाए जा रहे हैं। ताकि कोरोना को जिले से जड़ से खत्म किया जा सके। रोजाना टारगेट के अपेक्षा लोग टीका लगवाने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। रोजाना 10 से 15 हजार के बीच में लोग टीका लगवा रहे हैं। हालांकि इस रफ्तार से भी जल्द ही टीकाकरण पूरा हो जाएगा। उधर, डेंगू लगातार कहर बरपा रहा है। शनिवार को 11 नए डेंगू के मरीज मिले हैं।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में सैंपलिग की संख्या को बढ़ा दिया गया है। रोजाना लगभग चार के आसपास सैंपल लिए जा रहे हैं। इनकी रिपोर्ट भी आ रही है। पिछले ढाई माह से एक भी कोरोना का केस सामने नही आया है। उन्होंने बताया कि भले ही जिले में एक भी कोरोना का केस न हो, लेकिन लोगों को लापरवाही नहीं करनी है। लोगों को बिना मास्क के अपने घर से बाहर नहीं निकलना है। दूसरी लहर में कुछ लोगों ने लापरवाही की थी। जिस कारण 32 हजार 900 केस सामने आए थे। 441 लोगों की जान चली गई थी। हालांकि 32 हजार 459 लोग ठीक भी हो गए थे। उधर, लगातार बढ़ रहे डेंगू को लेकर जिलाधिकारी सख्त हैं। उन्होंने जिला मलेरिया अधिकारी को सख्त निर्देश दिए है कि लोगों को जागरूक किया जाए। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने बताया कि वह शहर और देहात में उनकी टीम डेंगू के प्रति लोगों को जागरूक कर रही है। वर्तमान में 186 डेंगू के केस सक्रिय है।
271 केंद्रों पर चलाया गया टीकाकरण अभियान
सहारनपुर : जिला टीकाकरण अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि शनिवार को जिले में 271 केंद्र टीकाकरण के लिए बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 76 हजार 500 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि यहां पर 10 हजार 912 लोगों को ही टीका लग सका।