महिलाएं आत्मनिर्भर बनकर दें अत्याचारों का जवाब
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने सुनी महिलाओं की समस्याएं
जागरण संवाददाता, रामपुर : उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य अवनी सिंह ने कहा कि जब तक महिलाएं स्वयं जागरूक नहीं होंगी, उन पर अत्याचार होते रहेंगे। इसके लिए उन्हें स्वयं आगे आना होगा। महिलाओं को चाहिए कि अपने पैरों पर खड़ी होकर आत्मनिर्भर बनें और अत्याचारों का जवाब दें।
आयोग की सदस्य निरीक्षण भवन में महिलाओं की समस्याएं सुन रही थीं। इस दौरान मात्र चार मामले उनके सामने पेश किए गए। एक महिला ने अपने पति पर बेटी पैदा होने के कारण उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। महिला का कहना था कि उसका पति पहले भी बेटी का पता चलने पर गर्भपात करवा चुका है। दूसरी बार जब वह गर्भवती हुई और बेटी होने का पता चला तो वह पुन: गर्भपात करवाना चाहता था। इस पर वह मायके चली आई और बेटी को जन्म दिया। महिला का कहना था कि वह ससुराल जाना चाहती है, लेकिन पति उसे अब अपने साथ रखना नहीं चाहता। इस पर उन्होंने महिला थाना प्रभारी को निर्देश दिए कि महिला के पति को बुलवाकर मामला सुलझवाने का प्रयास करें। न मानने पर आगे की कार्रवाई की जाए।
आयोग की सदस्य ने कहा कि महिलाओं का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा।