Rampur: दहेज के लिए महिला के साथ मारपीट, पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाला; देवरों पर छेड़छाड़ करने का आरोप
Triple Talaq दहेज के लिए ससुराल में महिला के साथ मारपीट की गई। पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है जिसमें देवरों पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप है।
रामपुर, जागरण संवाददाता: दहेज के लिए ससुराल में महिला के साथ मारपीट की गई। पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत नौ ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिसमें देवरों पर छेड़छाड़ करने का भी आरोप है।
मामला केमरी थाना क्षेत्र के एक मुहल्ले का है। यहां रहने वाली महिला ने केमरी थाना पुलिस को तहरीर दी, जिसमें कहा कि उसका निकाह 22 अगस्त 2017 को बरेली जिले के थाना शेरगढ़ के मुहल्ला तकिया निवासी जफीर अहमद के साथ हुआ था। उसकी विधवा मां और दिव्यांग भाई ने आठ लाख रुपये शादी में खर्च किए थे।
इसके बाद भी ससुराली खुश नहीं थे। वे कम दहेज का ताना देने लगे। उसके साथ मारपीट करते। मायके से दहेज में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान महिला ने एक बेटे को जन्म दिया, जो अब पांच साल का है। बेटा होने के बाद भी पति और ससुरालियों के रवैये में बदलाव नहीं हुआ।
देवरों ने कमरे में आकर की छेड़छाड़
कुछ माह पहले पति काम के लिए दिल्ली चले गए। इसका फायदा उठाते हुए दोनों देवर बारी-बारी रात में मेरे कमरे में आकर छेड़छाड़ करने लगे। दुष्कर्म का प्रयास किया। इसकी शिकायत सास-ससुर से की। वहीं 11 मई को पति दिल्ली से वोट डालने घर आए तो उन्हें भी बताया।
पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाला
पति और ससुरालियों ने देवरों को समझाने के बजाय महिला के साथ मारपीट की। ससुरालियों ने पति को तीन तलाक के लिए उकसाया। उसी रात पति ने तीन तलाक देकर बच्चे के साथ घर से निकाल दिया।
आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर
केमरी थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रभात सिंह ने बताया पति समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।