आजम खान की सांसद पत्नी ने जताया बेटे व पति की जान को खतरा
आजम खान की राज्यसभा सदस्य पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने भी आजम खान के बाद अब अफसरों से विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम और पति आजम खान की जान को खतरा बताया है।
रामपुर, जेएनएन। समाजवादी पार्टी फायर ब्रांड नेता और लोकसभा चुनाव 2019 में रामपुर से गठबंधन के प्रत्याशी आजम खान की जान को खतरा है। आजम खान की राज्यसभा सदस्य पत्नी डॉ. तंजीन फातिमा ने भी आजम खान के बाद अब अफसरों से विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम और पति आजम खान की जान को खतरा बताया है।
डॉ. तंजीन फातिमा ने बताया कि रामपुर के जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह और उनके साथ आए अधिकारी उनके परिवार के खिलाफ साजिश रच रहे हैं। मेरे पति और बेटे अब्दुल्ला की हत्या कराना चाहते हैं। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि बीते कुछ समय से परिवार और रामपुर की जनता पर जुल्म किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी आन्जनेय कुमार सिंह के साथ अपर जिलाधिकारी जगदंबा प्रसाद गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट सर्वेश कुमार गुप्ता और एसडीएम सदर प्रेमप्रकाश तिवारी की जो मंडली है, उसने एसपी को पत्र लिखा है कि उन्हें आजम खान से जान का खतरा है। इसलिए अतिरिक्त सुरक्षा दी जाए।
राज्यसभा सांसद तंजीन फातिमा ने कहा कि मैंने जिंदगी में ऐसा नही सुना कि जो अधिकारी जनता की सुरक्षा के लिए भेजे जाते हैं, उन्हें आम आदमी से और आजम खान के समर्थकों से खतरा महसूस हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर वाकई उन्हें खतरा महसूस होता है तो उन्हें अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नही है। तंजीम फातिमा ने कहा कि प्रशासन के जरिये जिला को अराजकता के माहौल में झोंकने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन से उनके पति और बेटे की जान को खतरा है। जिला प्रशासन उनकी हर गतिविधि पर नजर रख रहा है। उनके घर और पार्टी कार्यालय के पास सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि 23 मई को मतगणना के दिन जिला प्रशासन गड़बड़ी कर सकता है।
गौरतलब है कि रामपुर में आजम खान और जिला प्रशासन के बीच रार थमने का नाम नहीं ले रही है। अभी कुछ दिनों पहले एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने आजम खान से खुद की जान को खतरा बताया और पत्र लिखा था। इसके बाद आजम खान ने भी जिला प्रशासन के अफसरों से अपनी जान को खतरा बताया। अब एसडीएम सदर की तरफ से एसपी को पत्र भेजा गया है और आजम खान से जान को खतरा बताया गया है। मामले में अब आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने जिला प्रशासन से अपने पति और बेटे की जान को खतरा बता दिया है।
बीते दिनों एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट ने आजम खान से अपनी जान का खतरा बताते हुए प्रशासन को पत्र लिखा था। अब एसडीएम सदर को अपनी जान का खतरा है। एसडीएम सदर प्रेम प्रकाश तिवारी ने भी एसपी रामपुर पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान को आजम खान से जान का खतरा बताया है। अब तक डीएम, एडीएम, सिटी मजिस्ट्रेट और एसडीएम पर आजम खान गंभीर आरोप लगा चुके हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप