धान एवं गन्ने की फसल के लिए बरसा सोना
धान एवं गन्ने की फसल के लिए बरसा सोना
जागरण संवाददाता, रामपुर : मौसम किसानों पर मेहरबान होने लगा है। हो रही बारिश धान एवं गन्ने की फसल को बहुत ही लाभदायक सिद्ध हो रही है। शुक्रवार को भी बारिश हुई। किसानों का कहना है कि बारिश के रूप में आसमान से उनके लिए सोना बरस रहा है। यदि बारिश और तेज होती है तो बंपर पैदावार हो सकती है। सावन का महीना है, जिसमें कुछ साल पहले तक पूरा महीना ही बारिश होती रहती थी। पर्यावरण असंतुलन के कारण अब वैसी बरसात नहीं होती। लेकिन, इस बार फिर भी यह महीना काफी राहत भरा है। कुछ दिन के अंतराल पर ही सही, बारिश हो रही है। इससे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। शुक्रवार को बारिश हुई तो फिर से उनके चेहरे खिल उठे। इससे डीजल का भी काफी खर्च बचा है।
फुहार के रूप में पड़ने वाली बारिश धान की फसल के लिए अमृत समान होती है। इस बारिश से फसल की बाली को पूरा पोषण मिलता है। वहीं धान को रोग और कीटों से बचाने में भी यह मददगार साबित होती है।
राजाराम सिंह, मिलक चिकना
काफी समय बाद इस प्रकार की बारिश देखने को मिल रही है। बारिश की फुहारों से धान की फसल को काफी फायदा होता है। इसके लिए पानी की बेहद जरूरत होती है, जो कि इससे पूरी हो रही है।
होरीलाल लोधी, मंढौली
बारिश से धान की फसल को बहुत फायदा है। अभी धान का पौधा बड़ा हो रहा है, ऐसे में इस पौधे को नमी की आवश्यकता है। तेज धूप नुकसान पहुंचाती है। इसलिए इस समय जितनी बारिश हो अच्छा है।
इरशाद अहमद, नौगवां