दूसरे दिन भी जमकर बरसे बदरा, मिला सुकून
तीन दिनों से रोज सुबह हो रही बारिश ने गर्मी से काफी राहत दिला दी है। इससे लोगों को काफी सुकून मिला है।
जागरण संवाददाता, रामपुर : तीन दिनों से रोज सुबह हो रही बारिश ने गर्मी से काफी राहत दिला दी है। इससे लोगों को काफी सुकून मिला है। शनिवार को भी सुबह में डेढ़ घंटे तक जम कर पानी बरसा। इससे जहां एक ओर मौसम सुहाना हो गया। वहीं दूसरी ओर बारिश के पानी से शहर में कई जगह जलभराव हो गया। इससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। शनिवार की रात में बादलों के झ़ुरमुट आसमान में घिर आए थे। लग रहा था जैसे रात में ही बारिश होगी। लेकिन, बादलों से बारिश की फुहारें सुबह में पड़ना शुरू हुईं। देखते ही देखते तेज बारिश होने लगी। लगभग डेढ़ घंटे तक तेजा पानी पड़ा। इससे तापमान 30 डिग्री पर आ गया। जिससे गर्मी से काफी राहत मिली। इसके साथ ही मौसम भी सुहाना हो गया। वहीं नगर में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
कचहरी के सामने जौहर रोड, पुरानागंज, साईं विहार, रजा टैक्सटाइल कॉलोनी, विकास नगर, रफत कालोनी, पुराना रोडवेज बस स्टॉप, कचहरी व गांधी समाधि के निकट, किला परिसर में महिला डिग्री कालेज के निकट, पत्थरों वाला थम, घेर तोंगा, कटकुइया, पांच कब्र, लाल कब्र, छीपियान सहित तमाम मुहल्लों व स्थानों पर जलभराव से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई घंटों तक नालियों का पानी गलियों में भरा रहा। इतना ही नहीं कहीं-कहीं तो गंदा पानी घरों तक में घुस गया। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।