सुविधा शुल्क लेकर महिला शौचालय पुरुषों को इस्तेमाल कराने पर हंगामा
सुविधा शुल्क लेकर महिला शौचालय पुरुषों को इस्तेमाल कराने पर हंगामा
जागरण संवाददाता, मिलक : सुविधा शुल्क लेकर महिला शौचालय में पुरुषों को भेजने पर हंगामा हो गया। किसी ने महिला द्वारा शौचालय के इस्तेमाल के रूप में सुविधा शुल्क लेने की जानकारी पालिकाध्यक्ष केतकी देवी गंगवार के पति को दी। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। हंगामा कर रहे लोगों ने महिला कर्मी पर शौचालय इस्तेमाल करने पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया।
घटना बुधवार सुबह दस बजे नगर स्थित सरकारी अस्पताल के सामने हाईवे से सटे पिक महिला शौचालय की है। अस्पताल आने वाली महिला मरीजों और मार्ग से गुजरने वाली महिला राहगीरों के लिए पालिका द्वारा पिक महिला शौचालय का निर्माण कराया गया है। महिला शौचालय पर पालिका द्वारा महिला कर्मी को तैनात किया गया था। महिला शौचालय केवल महिलाओं के उपयोग के लिए होता है। बुधवार की सुबह दस बजे महिला शौचालय पर पुरुषों से सुविधा शुल्क लेकर उन्हें शौचालय इस्तेमाल कराने का आरोप लगाते हुए कुछ लोग हंगामा काट रहे थे। किसी ने फोन कर पालिकाध्यक्ष और उनके पति रामप्रकाश गंगवार को फोन कर महिला के द्वारा सुविधा शुल्क लेने और हंगामा काटने की सूचना दी। खबर पाकर पालिकाध्यक्ष पति मौके पर पहुंचे।
हंगामा कर रहे लोगों ने पालिकाध्यक्ष पति से शौचालय पर तैनात महिला कर्मी द्वारा महिला शौचालय इस्तेमाल करने के लिए प्रत्येक पुरुष से दस रुपये सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता का कहना था कि महिला शौचालय में पुरुष शौच के लिए जाते हैं। उन्हें जाता देख वह भी शौचालय में पेशाब करने के लिए गए। वहां तैनात महिला ने उनसे सुविधा शुल्क के रूप में दस रुपये मांगे, जिसे देने के लिए उन्होंने मना किया तो महिला उनसे भिड़ गई।वहां हंगामा हो गया।
पालिका परिसर के अधिशासी अधिकारी छोटे कन्हैया सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में मीडिया द्वारा आया है। महिला शौचालय पर तैनात महिला कर्मी पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।